गुरुग्राम की इन दो सड़कों पर जल्द दिखेगा बड़ा एक्शन, क्या आपका एरिया भी शामिल है?

गुरुग्राम की सबसे व्यस्त और प्रमुख सड़कों में शामिल गैलरिया रोड और सुपरमार्ट रोड (व्यापार केंद्र रोड) पर जल्द ही अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो सकती है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने स्पष्ट किया है कि जहां भी बिना वैध अनुमति के ग्रिल खुली छोड़ी गई है, उन्हें बंद कराया जाएगा और अवैध कब्जों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

80 से 90 प्रतिशत पूरा हुआ पुनर्विकास कार्य

GMDA की ओर से गैलरिया रोड और सुपरमार्ट रोड का बड़े स्तर पर सौंदर्यीकरण और पुनर्विकास किया जा रहा है। परियोजना के तहत दोनों सड़कों के किनारे चौड़े फुटपाथ बनाए गए हैं, पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए ग्रिल लगाई गई है, सड़क का चौड़ीकरण किया गया है और जलभराव की समस्या को कम करने के लिए नई ड्रेनेज लाइन भी बिछाई गई है।

अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना का लगभग 80 से 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

खुले ग्रिल बन रहे अतिक्रमण की वजह

विकास कार्य के बीच अब सबसे बड़ी चुनौती अतिक्रमण बनकर सामने आई है। दोनों सड़कों पर कई जगह ग्रिल जानबूझकर खुली छोड़ी गई हैं। इन खुले रास्तों का इस्तेमाल कर रेहड़ी-पटरी संचालक, फल विक्रेता और अन्य अवैध व्यावसायिक गतिविधियां धीरे-धीरे फुटपाथों तक पहुंचने लगी हैं।

गैलरिया रोड पर कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने ग्रिल बंद नहीं की गई है। वहीं हैमिल्टन कोर्ट के पास भी कुछ स्थानों पर खुला प्रवेश मार्ग देखा गया है। इसी तरह एक मंदिर के सामने भी ग्रिल का हिस्सा खुला है, जबकि इसके लिए GMDA से वैध एक्सेस परमिशन नहीं ली गई है।

सुपरमार्ट रोड पर भी बढ़ रहा अतिक्रमण

सुपरमार्ट रोड (व्यापार केंद्र रोड) पर डीएलएफ फेज-4 की 6000 और 7000 पॉकेट के सामने सहित कई स्थानों पर ग्रिल अभी तक बंद नहीं की गई है। इन खुले हिस्सों के कारण फुटपाथों पर अस्थायी दुकानें और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां शुरू होने लगी हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन स्थानों को बंद नहीं किया गया, तो भविष्य में अतिक्रमण हटाना और अधिक मुश्किल हो सकता है।

GMDA ने दिए कार्रवाई के निर्देश

GMDA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.सी. मीणा ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। इंफ्रा डिवीजन और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे कि ठेकेदार के माध्यम से जहां भी बिना वैध अनुमति के ग्रिल खुली छोड़ी गई है, उन्हें बंद कराया जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल उन्हीं स्थानों पर प्रवेश की अनुमति होगी, जहां विभाग की ओर से विधिवत कानूनी मंजूरी दी गई है। अतिक्रमण और अवैध कब्जों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जल्द होगा निरीक्षण

GMDA के डीटीपी और नोडल अधिकारी आरएस बाठ ने बताया कि दोनों सड़कों का जल्द निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जहां भी बिना अनुमति के ग्रिल खुली मिलेगी, उसे इंफ्रा डिवीजन के साथ समन्वय कर बंद कराया जाएगा, ताकि फुटपाथों पर अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

More From Author

गुरुग्राम की मर्डर मिस्ट्री का खुलासा! दोस्त ही निकले कातिल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *