महिला बाइकर से टक्कर का सच क्या है ? पुलिस हिरासत में कल्याण बैंसला

गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को कार से टक्कर मारने के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाला कल्याण बैंसला है। इससे पहले सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर-56 थाने में FIR दर्ज की थी।

आरोप है कि गोल्फ कोर्स रोड पर कार सवार ने महिला बाइकर को टक्कर मारी और इसके बाद मौके से निकल गया। घटना का वीडियो महिला बाइकर और दूसरे बाइकर्स के कैमरों में रिकॉर्ड हुआ था, जिसके सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला बेहद गंभीर हो गया।

चालक पर लगी धारा 125 और 109
वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस ने वायरल वीडियो और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर कार और उसके चालक की पहचान करने की कोशिश शुरू की। जांच के दौरान कार चालक की पहचान कल्याण बैंसला के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए टीमें भी लगाई थीं। अब ताजा अपडेट के मुताबिक, पुलिस ने बैंसला राजस्थान के दौसा से हिरासत में ले लिया है।

एसीपी हेडक्वार्टर अभिलक्ष जोशी के अनुसार आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और धारा 125 (चोट पहुंचाना) और 109 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

कल्याण बैंसला ने क्या कहा?
हिरासत में लिए जाने से पहले कल्याण बैंसला ने मीडिया से बातचीत में महिला बाइकर को जानबूझकर टक्कर मारने के आरोप से इनकार किया था। उनका कहना था कि हादसा जानबूझकर नहीं हुआ, बल्कि कार को नियंत्रित करने के दौरान टक्कर हो गई।

बैंसला ने दावा किया कि कई बाइकर्स उनकी कार के आसपास आ-जा रहे थे और हादसे के समय महिला बाइकर ने अचानक दिशा बदली, जिसके बाद वह कार को कंट्रोल नहीं कर पाए। उन्होंने यह भी कहा कि हादसे के बाद वह इसलिए नहीं रुके क्योंकि उन्हें डर था कि वहां मौजूद लोग उनके साथ मारपीट कर सकते हैं। हालांकि, महिला बाइकर ने बैंसला के इस पक्ष पर सवाल उठाए हैं और पूछा है कि अगर टक्कर जानबूझकर नहीं की गई थी तो हादसे के बाद वह मौके पर रुककर मदद क्यों नहीं करते।

घटना के बाद इंस्टाग्राम अकाउंट डीएक्टिवेट
कल्याण बैंसला सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते थे। उनके इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर वह खुद को ‘अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी’ और ‘इंडियन रग्बी टीम’ का सदस्य बताते थे। उनकी प्रोफाइल पर बॉडी बिल्डिंग और फिटनेस से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए जाते थे। उन्होंने ‘अमेच्योर ओलंपिया इंडिया’ बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता जीतने का दावा भी किया था। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना सामने आने के बाद उनका इंस्टाग्राम अकाउंट डीएक्टिवेट हो गया।

महिला बाइकर ने लगाए गंभीर आरोप
महिला बाइकर सिया का आरोप है कि कार सवार लोग उनकी बाइक के काफी करीब आ रहे थे और उन्हें परेशान कर रहे थे। इसके बाद कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें बाइक के टक्कर के बाद सड़क पर गिरने और घिसटने का दृश्य दिखाई देता है। सिया को हादसे में चोटें आईं, हालांकि वह सुरक्षा गियर पहने हुए थीं।

अब इस मामले में कल्याण बैंसला के हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस आगे की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और हादसे के बाद घटनास्थल से कार क्यों गई। मामले में वायरल वीडियो और CCTV फुटेज अहम सबूत माने जा रहे हैं।

More From Author

17 महीने से खाली थे ये 2 पद… अब गुरुग्राम नगर निगम में किसकी हुई एंट्री ?

क्या आपकी गाड़ी भी सड़कों से हटने वाली है? गुरुग्राम में 24,032 पुराने वाहन निशाने पर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *