गुरुग्राम में दिवाली से पहले सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने बड़ा अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। लंबे समय तक चली सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से शहर के कई इलाकों में बिगड़ी सफाई व्यवस्था अब तेजी से ठीक की जाएगी। मेयर ने अधिकारियों, पार्षदों, सफाई एजेंसियों और कर्मचारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि दिवाली से पहले शहर को साफ-सुथरा करना है।
शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय में सफाई व्यवस्था को लेकर एक अहम बैठक हुई। बैठक में मेयर राजरानी मल्होत्रा के साथ सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला, डिप्टी मेयर अनूप सिंह, निगमायुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी समेत निगम अधिकारी, पार्षद और सफाई एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इलाकों में चलेगा विशेष सफाई अभियान
मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन इलाकों में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था ज्यादा प्रभावित हुई है, वहां विशेष अभियान चलाकर सफाई कराई जाए। इसके साथ ही पार्षदों, अधिकारियों और सफाई एजेंसियों को अपने-अपने इलाकों में सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के लिए कहा गया है। शहर की सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर सफाई व्यवस्था बेहतर करने पर खास ध्यान दिया जाएगा।
सफाई कर्मचारियों की सैलरी समय पर देने के निर्देश
बैठक में सफाई कर्मचारियों के वेतन का मुद्दा भी उठा। मेयर ने निर्देश दिए कि कर्मचारियों को हर महीने तय समय पर वेतन मिलना चाहिए, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। सफाई एजेंसियों को अपने टेंडर के हिसाब से पर्याप्त कर्मचारी और जरूरी उपकरण उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। यानी जिस इलाके की जिम्मेदारी जिस एजेंसी के पास है, वहां सफाई के लिए पर्याप्त मैनपावर और संसाधन उपलब्ध होने चाहिए।

एजेंसी पर होगी कार्रवाई
नगर निगम ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। मेयर ने साफ कहा कि अगर कोई एजेंसी टेंडर की शर्तों के मुताबिक कर्मचारी या जरूरी संसाधन उपलब्ध नहीं कराती है, या सफाई के काम में लापरवाही करती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
दिवाली से पहले साफ दिखेगा गुरुग्राम
नगर निगम का लक्ष्य दिवाली से पहले शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह बेहतर करना है। इसके लिए अधिकारियों, पार्षदों, सफाई एजेंसियों और फील्ड टीमों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया गया है। मेयर ने कहा कि फील्ड में आने वाली समस्याओं को तुरंत देखा जाए और उनका समाधान किया जाए।
खास तौर पर दिवाली से पहले शहर के प्रमुख बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक जगहों को साफ और व्यवस्थित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। अब देखने वाली बात होगी कि नगर निगम का यह सफाई अभियान जमीन पर कितनी तेजी से दिखाई देता है और दिवाली से पहले गुरुग्राम की सफाई व्यवस्था में कितना बदलाव आता है।
