सड़क पर दौड़ती कार से होने लगी पटाखों की बौछार! आखिर कौन हैं ये बेखौफ युवक?

जरा सोचिए… आप अपनी गाड़ी से सड़क पर जा रहे हों और अचानक बगल में चल रही कार से पटाखे फूटने लगें! वह भी एक-दो नहीं, बल्कि बार-बार। ऐसा ही कुछ नजारा गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर देखने को मिला, जहां कुछ युवकों ने चलती कार से पटाखे चलाकर सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जान खतरे में डाल दी। अब इस पूरी हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

चलती कार की खिड़की से निकाली पटाखा गन
दरअसल, गुरुवार सुबह से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में सफेद रंग की हुंडई कार द्वारका एक्सप्रेसवे पर दौड़ती दिखाई दे रही है। इसी दौरान कार में सवार एक युवक खिड़की का शीशा खोलकर अपना हाथ बाहर निकालता है।

युवक के हाथ में पटाखा गन दिखाई देती है। इसके बाद वह चलती कार से कई बार पटाखे चलाता है। वीडियो में युवक स्काईशॉट छोड़ता हुआ भी नजर आ रहा है। कार के शीशों पर काली फिल्म लगी हुई है और युवक बेखौफ होकर यह हरकत कर रहा है।

दूसरी कार में बैठे लोगों ने बनाया वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो पीछे चल रही दूसरी गाड़ी में बैठे लोगों ने बना लिया। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर डाल दिया गया, जहां से यह तेजी से वायरल हो रहा है। चलती गाड़ी से पटाखे छोड़ने की इस हरकत से सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा हो गया। जरा सी चूक किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती थी।

पुलिस ने शुरू की जांच, युवकों की तलाश
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो के आधार पर कार के नंबर और उसमें सवार युवकों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दिवाली के आसपास पटाखे चलाने को लेकर पहले ही प्रशासन की ओर से नियम तय किए गए हैं। ऐसे में चलती कार से पटाखे छोड़ना न सिर्फ नियमों की अनदेखी है, बल्कि दूसरे लोगों की जान के साथ खिलवाड़ भी है।

More From Author

4 हजार पुलिसकर्मी, पटाखों का तय समय और नो-क्रैकर जोन! आखिर दिवाली पर क्या है गुरुग्राम पुलिस का प्लान?

50% कर्मचारी बुलाने का नियम, फिर भी कंपनियों ने क्यों तोड़ा आदेश?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.