गुरुग्राम के इन इलाकों में रहते हैं तो आने वाले दिनों में पानी को लेकर परेशानी हो सकती है। GMDA ने 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक करीब 48 घंटे के लिए पानी की सप्लाई प्रभावित होने की सूचना जारी की है। ऐसे में लोगों को पहले से पानी का इंतजाम करने और पानी का इस्तेमाल सोच-समझकर करने की सलाह दी गई है।

पाइपलाइन का होगा काम
GMDA के मुताबिक सेक्टर-71 के अलमेडा चौक पर 1500 एमएम MS पाइपलाइन का कनेक्शन कार्य किया जाना है। इस काम का उद्देश्य सेक्टर-58 से 80 तक मास्टर वाटर सप्लाई व्यवस्था में सुधार करना है। इसके लिए इन क्षेत्रों को बूस्टिंग स्टेशन सेक्टर-72 से जोड़ने की योजना है।
कब तक रहेगा पानी बंद
पाइपलाइन कनेक्शन का काम 30 सितंबर 2026 को सुबह 9 बजे से शुरू होकर 2 अक्टूबर 2026 सुबह 9 बजे तक चलेगा। इस दौरान सेक्टर-51 स्थित बूस्टिंग स्टेशन से पानी की सप्लाई आंशिक रूप से बंद रहेगी।

किन इलाकों में नही आएगा पानी
GMDA के नोटिस के अनुसार पानी की सप्लाई सेक्टर 47 से 51, सेक्टर 57 से 75 और बादशाहपुर गांव में प्रभावित होगी। GMDA ने इन इलाकों के निवासियों से 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पानी का judicious यानी जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल करने की अपील की है, ताकि पूरी तरह पानी की कमी की स्थिति से बचा जा सके।
अगर आप इन इलाकों में रहते हैं तो 30 सितंबर से पहले अपनी जरूरत के हिसाब से पानी स्टोर कर लें और इस दौरान पानी की बर्बादी से बचें।
