एक कपल के महीने का 1.2 लाख रुपये खर्च… क्या गुरुग्राम में रहना इतना महंगा है ?

गुरुग्राम में रहना कितना महंगा है, इसका अंदाजा यहां के किराए और डेली के खर्च से लगाया जा सकता है। घर का किराया, राशन, मेड, कैब, बाहर खाना और दूसरी जरूरतें मिलाकर महीने का बजट काफी बढ़ जाता है। इसी बीच गुरुग्राम में रहने वाले एक कपल ने सोशल मीडिया पर अपने एक महीने के खर्च का पूरा हिसाब शेयर किया है, जिसके बाद इस पर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई।

कपल के मुताबिक, उन्होंने एक महीने में करीब 1.2 लाख रुपये खर्च किए। इस खर्च में 3 BHK का किराया, घरेलू मदद, राशन, बाहर खाना, पेट्रोल-कैब, ग्रूमिंग और डॉग के खर्च समेत कई चीजें शामिल हैं।

कितना है 3 BHK का किराया ?
कपल ने बताया कि वे गुरुग्राम में 3 BHK घर के किराए और मेंटेनेंस पर हर महीने करीब 36,000 रुपये खर्च करते हैं। घर के काम के लिए घरेलू मदद रखी हुई है, जिस पर करीब 6,000 रुपये महीने खर्च होते हैं। इसमें खाना बनाने, सफाई और किचन से जुड़े काम शामिल हैं। इसके अलावा इंटरनेट और मोबाइल बिल पर करीब 3,500 रुपये, जबकि OTT और म्यूजिक सब्सक्रिप्शन पर लगभग 2,000 रुपये खर्च होते हैं।

कितना खर्च हर महीने राशन पर ?
कपल के बजट में सबसे बड़ा खर्च घर के राशन और रोजमर्रा की जरूरतों का है। इसके लिए वे करीब 25,000 रुपये महीने खर्च करते हैं। उनके पास एक डॉग भी है। उसके खाने और सप्लीमेंट्स पर करीब 3,000 रुपये हर महीने खर्च होते हैं।

वीकेंड पर बाहर खाना भी बजट में शामिल
कपल ने बताया कि वे आमतौर पर वीकेंड पर कॉफी और खाना खाने बाहर जाते हैं। इस पर करीब 15,000 रुपये महीने खर्च हो जाते हैं। इसके अलावा घर पर खाना मंगाने और फूड डिलीवरी पर करीब 3,000 रुपये खर्च होते हैं।

अपनी कार नहीं, फिर भी ट्रैवल का खर्च ₹5 हजार
कपल के पास खुद की कार नहीं है। दिल्ली और गुरुग्राम में आने-जाने के लिए वे बाइक के पेट्रोल और कैब पर करीब 5,000 रुपये महीने खर्च करते हैं। उनके मुताबिक, ऑफिस आने-जाने का खर्च इस बजट में नहीं जुड़ता। ग्रूमिंग पर करीब 5,000 रुपये, जबकि घर और वेलनेस से जुड़ी चीजों पर करीब 10,000 रुपये महीने खर्च किए जाते हैं।

₹1.2 लाख भी पूरा महीने का खर्च नहीं
कपल ने यह भी साफ किया कि 1.2 लाख रुपये उनका पूरा मासिक खर्च नहीं है। दोनों अपनी आय का एक हिस्सा निवेश के लिए अलग रखते हैं। इसके अलावा सैलरी से बची रकम दोनों अपने-अपने पर्सनल खर्च के लिए इस्तेमाल करते हैं। वीडियो के आखिर में कपल ने लोगों से सवाल किया कि गुरुग्राम में दो लोगों का अगस्त महीने का कुल खर्च करीब 1.2 लाख रुपये है, क्या यह बहुत ज्यादा है या फिर ठीक-ठाक बजट है?

36 हजार में 3 BHK देखकर लोगों ने पूछा- इतना कम कैसे?
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कपल के खर्च को लेकर अलग-अलग जवाब दिए। सबसे ज्यादा चर्चा 36 हजार रुपये में 3 BHK के किराए को लेकर हुई। कुछ यूजर्स ने कहा कि गुरुग्राम में इस कीमत में 3 BHK मिलना अच्छी डील है। वहीं, 6 हजार रुपये में खाना बनाने, सफाई और किचन का काम करने वाली घरेलू मदद को लेकर भी लोगों ने हैरानी जताई। कुछ लोगों का कहना था कि गुरुग्राम में इस बजट में 2 BHK मिलना भी मुश्किल है। वहीं, एक यूजर ने कपल के खर्च को कम बताते हुए कहा कि अगर ये आंकड़े सही हैं, तो यह गुरुग्राम जैसे शहर के हिसाब से काफी किफायती बजट है।

More From Author

क्या 30 सितंबर से आपके घर भी नहीं आएगा पानी? देखें पूरी लिस्ट

गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के बाहर बवाल!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *