सड़क पर घसीटकर फेंका, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात! क्या थी हमले की वजह?

सड़क पर एक युवक को स्कूटी के आगे लिटाकर घसीटा जा रहा है युवक बुरी तरह घायल है और उसे इस हालत में देखकर भी आरोपियों को रहम नहीं आता। कुछ दूर ले जाने के बाद उसे एक घर के सामने फेंक दिया जाता है। गुरुग्राम में इंसानियत को शर्मसार करने वाली यह घटना सामने आई है। पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

पुरानी रंजिश में युवक की पिटाई का आरोप
मामला गुरुग्राम के ओल्ड रेलवे रोड पर सदर बाजार के पास स्थित नई बस्ती कॉलोनी का है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर नई बस्ती निवासी नितिन कुमार की किसी बात को लेकर अपने पड़ोसियों से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद चार युवकों ने नितिन को घेर लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। पिटाई के कारण नितिन बुरी तरह घायल हो गया।

स्कूटी पर घसीटकर घर के सामने फेंका
आरोप है कि मारपीट के बाद एक युवक ने नितिन को स्कूटी के आगे वाले हिस्से पर लिटाया और उसे घसीटते हुए एक घर के सामने तक ले गया। वहां आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर घायल नितिन को सड़क किनारे फेंक दिया। इस पूरी घटना का वीडियो आसपास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

अस्पताल में भर्ती है घायल युवक
इस मामले में साहिल, गिल्लू उर्फ तुषार और लोकेश उर्फ लोकी समेत अन्य युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। घायल नितिन को खांडसा रोड स्थित कथूरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अब पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा कि नितिन और उसके पड़ोसियों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था और मारपीट के बाद उसे स्कूटी पर घसीटकर क्यों ले जाया गया।

More From Author

आधी रात चाचा ने भतीजे को क्यों किया लहूलुहान?

सिया केस में लवनीश की जमानत क्यों अटकी? कोर्ट की एक टिप्पणी ने पलट दिया पूरा खेल!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *