क्या अब सिकंदरपुर में बनेगा अंडरपास? MG Road को लेकर GMDA का बड़ा प्लान

अगर आप रोजाना MG Road, IFFCO Chowk या सिकंदरपुर से होकर गुजरते हैं, तो आने वाले समय में यहां का ट्रैफिक और पूरा रोड सिस्टम बदला हुआ नजर आ सकता है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने इन इलाकों को ज्यादा सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। सोमवार को GMDA के CEO पीसी मीणा ने MG Road और IFFCO Chowk का निरीक्षण किया। इस दौरान पैदल यात्रियों की सुरक्षा, पार्किंग, फुटपाथ, अतिक्रमण और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

MG Road पर फुटपाथ से हटेगा अतिक्रमण
नरीक्षण के दौरान अधिकारियों को MG Road के फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए नियमित निगरानी और कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए जरूरी जगहों पर पेडेस्ट्रियन सिग्नल और क्रॉसिंग बनाने की संभावना भी देखी जाएगी। इसके साथ ही दोपहिया वाहनों के लिए तय पार्किंग की व्यवस्था, अवैध तार और साइन बोर्ड हटाने, जंगली पौधों की सफाई और नए पौधे लगाने पर भी काम किया जाएगा। क्षतिग्रस्त मैनहोल और बोलार्ड की मरम्मत के साथ MG Road पर निगरानी के लिए बनाई गई विशेष पेट्रोलिंग टीमें भी नियमित निरीक्षण करेंगी।

IFFCO Chowk का भी होगा मेकओवर
MG Road के बाद GMDA CEO ने IFFCO Chowk का भी निरीक्षण किया। यहां ट्रैफिक को बेहतर करने के लिए बड़े स्तर पर बदलाव की योजना तैयार की जाएगी GMDA की इंजीनियरिंग विंग को NHAI के साथ मिलकर IFFCO Chowk के पुनर्विकास की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए ट्रैफिक एक्सपर्ट मौजूदा ट्रैफिक पैटर्न का अध्ययन करेंगे और यह देखा जाएगा कि गाड़ियों के साथ-साथ पैदल लोगों की आवाजाही को कैसे आसान बनाया जा सकता है।

सिकंदरपुर में अंडरपास या एलिवेटेड कॉरिडोर?
अब सबसे बड़ा बदलाव सिकंदरपुर में देखने को मिल सकता है। यहां ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने के लिए अंडरपास या एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की संभावना तलाशने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए ट्रैफिक कंसल्टेंट से पूरा अध्ययन कराया जाएगा। तकनीकी तौर पर जो विकल्प बेहतर और संभव होगा, उसके आधार पर आगे DPR यानी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जाएगी। यानी अभी अंडरपास या एलिवेटेड कॉरिडोर तय नहीं हुआ है, लेकिन दोनों विकल्पों की संभावना पर काम शुरू हो गया है।

MGF के पास फुटओवर ब्रिज की भी तैयारी
इसके अलावा MGF के पास MG Road पर फुटओवर ब्रिज बनाने की संभावना भी तलाशी जाएगी, ताकि लोगों को सड़क पार करने में ज्यादा सुरक्षित सुविधा मिल सके। घिटोरनी की तरफ से आने वाले एंट्री पॉइंट के आसपास सड़क और ग्रीन बेल्ट को भी बेहतर तरीके से विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। MG Road और IFFCO Chowk गुरुग्राम के सबसे व्यस्त रास्तों में शामिल हैं।

यहां रोजाना बड़ी संख्या में वाहन और पैदल लोग आते-जाते हैं। ऐसे में अगर प्रस्तावित बदलाव जमीन पर लागू होते हैं, तो ट्रैफिक, पैदल आवाजाही, पार्किंग और सड़क सुरक्षा*से जुड़ी कई समस्याओं में बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल सिकंदरपुर में अंडरपास या एलिवेटेड कॉरिडोर और IFFCO Chowk के पुनर्विकास को लेकर अध्ययन और योजना तैयार करने का काम आगे बढ़ेगा।

More From Author

गुरुग्राम की सड़कों से अचानक गायब होंगे आवारा कुत्ते और पशु? MCG ने शुरू किया बड़ा अभियान

क्या 5 महीने से बंद नेहरू स्टेडियम का काम अब पूरा होगा? जानिए क्या बदलेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *