गुरुग्राम मंदिर में चांदी चोरी, CCTV खंगालते ही सामने आया चौंकाने वाला राज

गुरुग्राम में न्यू कॉलोनी चौक के पास सुदर्शन माता मंदिर में हुई चोरी की वारदात का गुरुग्राम पुलिस ने महज 6 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से मंदिर से चोरी कि गई चांदी के आभूषण और कई हजारों रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

कब हुई घटना?
30 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे मंदिर के पुजारी ने कमेटी के एक सदस्य को फोन कर मंदिर में चोरी होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान सामने आया कि मंदिर से हनुमान जी का छत्र, माता रानी के कानों के कुंडल, मुकुट पर लगा चक्र और अन्य चांदी के आभूषण गायब थे। इसके अलावा मंदिर का दानपात्र भी चोरी किया गया था। पुलिस ने मामले में थाना शहर गुरुग्राम में BNS की धारा 305 के तहत केस दर्ज किया।

CCTV ने खोला राज
चोरी के बाद पुलिस ने मंदिर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस टीम ने फुटेज के साथ मौके से मिले अन्य साक्ष्यों का भी बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की पहचान 53 वर्षीय रोहताश, निवासी चुलियाना, जिला रोहतक के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए रोहतक पहुंचकर आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।

मंदिर में था सुरक्षाकर्मी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रोहताश करीब 12 साल तक इसी मंदिर में सुरक्षाकर्मी के तौर पर काम कर चुका था। करीब दो महीने पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी।लंबे समय तक मंदिर में काम करने के कारण उसे मंदिर की व्यवस्था और वहां रखे चांदी के आभूषणों के बारे में अच्छी जानकारी थी। पुलिस के मुताबिक, मूर्तियों पर बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण देखकर उसके मन में लालच आया और उसने मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

क्या-क्या हुआ था चोरी?
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए 4.786 किलो चांदी के आभूषण और 34,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच अभी जारी है। यानी जिस मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी कभी आरोपी के पास थी, उसी मंदिर की व्यवस्था और अंदर रखे आभूषणों की जानकारी आखिरकार उसी के लिए चोरी का रास्ता बन गई।

More From Author

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के दूसरे फेज को मंजूरी, बनेंगे 14 स्टेशन जानिए पूरा रूट

गुरुग्राम में आपकी शिकायत भी अटकी है? यहां मिलेगा तुरंत समाधान!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *