गुरुग्राम में आपकी शिकायत भी अटकी है? यहां मिलेगा तुरंत समाधान!

आपके घर की बिजली-पानी की समस्या महीनों से अटकी है, परिवार पहचान पत्र में गड़बड़ी है या पेंशन से जुड़ा कोई काम नहीं हो रहा, तो अब आपको अलग-अलग सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। गुरुग्राम में प्रशासन की ओर से लगाए जा रहे समाधान शिविर में लोग सीधे अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रख सकते हैं।वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम हितेंद्र कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अलग-अलग विभागों से जुड़ी 10 शिकायतें सामने आईं। प्रशासन के मुताबिक, इनमें से ज्यादातर शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।

बिजली, पानी से लेकर पेंशन तक की शिकायतें
समाधान शिविर में नागरिकों ने बिजली, पानी, परिवार पहचान पत्र और बुढ़ापा पेंशन समेत कई मुद्दे अधिकारियों के सामने रखे। एसडीएम हितेंद्र कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों का समाधान मौके पर नहीं हो सका है, उनमें बिना देरी किए कार्रवाई की जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को उनके मामले की प्रगति के बारे में भी जानकारी दी जाए।

अधिकारियों को दी गई साफ हिदायत
एसडीएम ने कहा कि आम लोगों की शिकायतों का समय पर समाधान करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और तय समय सीमा के भीतर उनका निपटारा किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों और उनके निपटारे की नियमित समीक्षा करते हैं।

कब लगेगा समाधान शिविर
गुरुग्राम जिला और उपमंडल स्तर पर हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में अलग-अलग सरकारी विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं। ऐसे में नागरिक अपनी समस्या सीधे संबंधित अधिकारियों के सामने रख सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इन समाधान शिविरों का फायदा उठाएं और सरकारी योजनाओं या विभागों से जुड़ी अपनी समस्याओं को यहां दर्ज कराएं।

शिविर में ये अधिकारी रहे मौजूद
समाधान शिविर में संयुक्त आयुक्त सपना यादव, डीडीपीओ नवनीत कौर, मेडिकल ऑफिसर प्रियंका, डिप्टी डीईओ दीप्ति बोकन, गीता आर्या, एसडीओ सुमन कश्यप, इन्वेस्टिगेटर संजय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अगर आपकी भी सरकारी विभाग से जुड़ी कोई शिकायत लंबित है, तो सोमवार या वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच समाधान शिविर में अपनी समस्या रख सकते हैं।

More From Author

गुरुग्राम मंदिर में चांदी चोरी, CCTV खंगालते ही सामने आया चौंकाने वाला राज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *