गुरुग्राम में आधी रात को पुलिस और हथियारबंद बदमाशों के बीच ऐसी मुठभेड़ हुई, जिसमें गोलियां पुलिस की गाड़ी तक जा पहुंचीं और एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, बाइक पर सवार तीन आरोपी लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए। लेकिन इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात आरोपियों के पास से बरामद नशीला पदार्थ और एक आरोपी पर पहले से घोषित इनाम है। आखिर कौन हैं ये तीनों आरोपी और इनके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा था?

कहां हुई पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़?
गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम को 9 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि तीन हथियारबंद व्यक्ति लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने नंगली उमरपुर से सेक्टर-62 की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। रात करीब 11 बजे एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी बाइक भगाने लगे। पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए उन्हें घेर लिया।
मुठभेड़ में पुलिसकर्मी भी घायल
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने कुल 6 गोलियां चलाईं, जबकि पुलिस ने आत्मरक्षा में 3 गोलियां चलाईं। इस तरह कुल 9 गोलियां चलीं। आरोपियों की फायरिंग में एक गोली पुलिस वाहन पर लगी और एक गोली पुलिसकर्मी की बाजू में जा लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मार्फत उर्फ मारू और फूल बाबू शेख के पैरों में गोली लगी। तीसरे आरोपी श्रीकुल शेख को भी पुलिस ने मौके से काबू कर लिया। घायल आरोपियों और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से 136 ग्राम MDMA नशीला पदार्थ, एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और एक खाली खोल बरामद किया है। पुलिस अब इस मामले में आरोपियों के संपर्कों और मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
कहाँ के रहने वाले हैं आरोपी?
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
– मार्फत उर्फ मारू (32 वर्ष): निवासी बाली, जिला मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल।
– फूल बाबू शेख (26 वर्ष): निवासी बाली, जिला मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल।
– श्रीकुल शेख (37 वर्ष): निवासी मीरा प्लेसी, जिला नादिया, पश्चिम बंगाल।
इस मामले में पकड़े गए फूल बाबू शेख पर गुरुग्राम पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पहले से इनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मार्फत उर्फ मारू के खिलाफ लड़ाई-झगड़े, चोरी, जाली करंसी रखने और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 4 मामले दर्ज हैं। फूल बाबू शेख के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के 2 मामले, जबकि श्रीकुल शेख के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का एक मामला दर्ज है।
पुलिस रिमांड पर मुख्य आरोपी, जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद नशीला पदार्थ उपलब्ध कराने के आरोप में एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान कबीर निवासी बाली, जिला मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 11 अक्टूबर को सेक्टर-62, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपियों को 11 अक्टूबर को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद इस मामले में नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। इसके बाद मार्फत उर्फ मारू को अदालत से 19 अक्टूबर 2026 तक पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है, ताकि मादक पदार्थ की सप्लाई और इस पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके। गुरुग्राम पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब जांच का अहम पहलू यह है कि बरामद MDMA कहां से लाई गई थी और क्या इस नेटवर्क के तार दूसरे लोगों से भी जुड़े हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
