गुरुग्राम में पुरानी रंजिश में एक युवक को अगवा किया गया, उसे जबरन क्रेटा गाड़ी में बैठाया गया और फिर हिसार ले जाते समय रास्ते में ऐसा हादसा हुआ कि युवक को भागने का मौका मिल गया। मामला गुरुग्राम के गढ़ी लेबर चौक का है, जहां से विक्की उर्फ रोनी को 5-6 युवक अगवा कर ले गए थे। अब इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने कारवाई करते हुए आगे की जाँच की है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 की शाम विक्की उर्फ रोनी अपने दोस्त से मिलने गुरुग्राम के गढ़ी इलाके में गया था। रात करीब 8:30 बजे के आसपास गढ़ी लेबर चौक पर एक सफेद रंग की क्रेटा गाड़ी में सवार 5-6 युवक पहुंचे। आरोप है कि इन युवकों ने विक्की के साथ मारपीट की और उसे जबरन गाड़ी में डालकर अपने साथ ले गए। रात करीब 10 बजे विक्की के दोस्त ने उसके पिता को फोन करके घटना की जानकारी दी। इसके बाद 8 अक्टूबर को पीड़ित के पिता ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर सेक्टर-10 थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।
पुरानी रंजिश बनी अपहरण की वजह!
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि विक्की उर्फ रोनी और उसके दोस्त सचिन उर्फ कालू का कुछ दिन पहले नितिन और उसके साथी प्रिंस के साथ झगड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों दोस्तों के अपहरण की योजना बनाई थी। आरोपियों के मुताबिक, 7 अक्टूबर की रात विक्की को क्रेटा गाड़ी में अगवा करके हिसार की तरफ ले जाया जा रहा था। इसी दौरान हांसी-बरवाला रोड पर गाड़ी के सामने अचानक गाय आ गई। गाड़ी की रफ्तार अधिक होने के कारण हादसा हो गया। इसके बाद विक्की गाड़ी से उतरकर भागने में सफल हो गया।
कहाँ से हुए आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-31 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 10 अक्टूबर 2026 को हिसार के सनसिटी इलाके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन (20), निवासी गांव पथराव, जिला महेंद्रगढ़ और खुश उर्फ मंजीत (19), निवासी गांव मारौत, जिला झज्जर के रूप में हुई है। दोनों फिलहाल गुरुग्राम में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, नितिन टैक्सी चलाता है, जबकि खुश उर्फ मंजीत रैपिडो चलाने का काम करता है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान अपहरण की वारदात में इस्तेमाल किए गए दो डंडे बरामद किए गए।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस पूछताछ में इस वारदात में शामिल अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी मिलने की बात कही गई है। पुलिस अब उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड के बाद दोबारा अदालत में पेश किया जाना है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपहरण की साजिश में और कौन-कौन शामिल था और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया।
