सड़क पर बाइक दौड़ रही थी, लेकिन शायद चालकों को अंदाजा नहीं था कि पुलिस की एक जांच उनके लिए इतनी भारी पड़ जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर दो बाइक रुकवाईं। जब दोनों का रिकॉर्ड चेक किया गया, तो ऐसा खुलासा हुआ कि पुलिस भी हैरान रह गई। किसी बाइक पर 61 तो किसी पर 41 चालान पेंडिंग थे। दोनों पर मिलाकर कई लाखों रुपये से ज्यादा का जुर्माना बाकी था।
दरअसल, गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों को तोड़ने और पुराने चालानों को नजरअंदाज करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने जांच के दौरान दोनों मोटरसाइकिलों को इंपाउंड कर लिया।

कितना था जुर्माना
पहली बाइक पर मिले 61 चालान, 2.19 लाख का जुर्माना
पहली कार्रवाई सेक्टर-12 में हुई। यहां ZO सेक्टर-12 की ASI मंजू अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रही थीं। इसी दौरान एक बाइक को रोका गया और चालक से गाड़ी के कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई कागज नहीं दिखा पाया। इसके बाद बाइक का रिकॉर्ड चेक किया गया तो पुलिस के होश उड़ गए। बाइक पर कुल 61 चालान पेंडिंग मिले। इनकी जुर्माना राशि 2 लाख 19 हजार 500 रुपये थी। इनमें बिना हेलमेट बाइक चलाने, बिना इंश्योरेंस और बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने जैसे मामले शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने बाइक को इंपाउंड कर दिया।
बाइक का रिकॉर्ड भी निकला हैरान करने वाला
दूसरी कार्रवाई सिकंदरपुर पावर हाउस के पास हुई। यहां ZO सिकंदरपुर पावर हाउस की ASI कंवल सिंह अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान एक दूसरी बाइक को रोका गया। चालक से कागजात मांगे गए, लेकिन वह भी कागजात नहीं दिखा पाया। जब बाइक का रिकॉर्ड चेक किया गया तो उस पर 41 चालान पेंडिंग मिले। इन चालानों की कुल जुर्माना राशि 3 लाख 35 हजार 600 रुपये थी। इस बाइक पर भी बिना हेलमेट, बिना इंश्योरेंस और बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने जैसे उल्लंघन दर्ज थे। पुलिस ने इस बाइक को भी इंपाउंड कर दिया।

102 चालान और 5.55 लाख का जुर्माना
दोनों मामलों को मिलाकर देखें तो आंकड़े काफी चौंकाने वाले हैं।
– पहली बाइक पर 61 चालान – ₹2,19,500 जुर्माना
– दूसरी बाइक पर 41 चालान – ₹3,35,600 जुर्माना
– कुल चालान – 102
– कुल जुर्माना – ₹5,55,100
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का मकसद वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाइक चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें, गाड़ी के कागजात और इंश्योरेंस पूरे रखें, सही नंबर प्लेट लगाएं और पुराने चालानों का समय पर भुगतान करें।
