दिवाली पर घर से बाजार जाने का प्लान है? शॉपिंग करनी है या रात में पटाखे जलाने की तैयारी है? तो जरा रुकिए! इस बार गुरुग्राम में दिवाली मनाने से पहले आपको पुलिस के कुछ जरूरी नियम जान लेने चाहिए। क्योंकि त्योहार के दौरान शहर की सुरक्षा के लिए 4 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। बाजारों से लेकर मॉल, रेलवे स्टेशन और सड़कों तक पुलिस की नजर रहेगी। इतना ही नहीं, पटाखे जलाने का समय भी तय कर दिया गया है। अगर आपने तय नियमों को नजरअंदाज किया, तो मुश्किल हो सकती है।

दिवाली पर 4 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा
दरअसल, दिवाली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने सुरक्षा की खास तैयारी की है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सभी पुलिस उपायुक्तों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के आदेश दिए गए हैं। इसके लिए नियमित पुलिस बल के साथ अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस की टीमें शहर के प्रमुख इलाकों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर तैनात रहेंगी।
कब और कितनी देर जला सकेंगे पटाखे?
दिवाली पर पटाखे जलाने वालों के लिए भी जरूरी सूचना है। जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार 7 और 8 नवंबर 2026 को केवल ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति होगी।
पटाखे जलाने का समय भी तय किया गया है।
– सुबह: 6 बजे से 7 बजे तक
– रात: 8 बजे से 10 बजे तक
यानी तय समय के अलावा पटाखे जलाने की अनुमति नहीं होगी। पटाखों की बिक्री भी केवल प्रशासन की ओर से तय जगहों पर ही की जा सकेगी।
अवैध पटाखे बेचने वालों पर भी पुलिस की नजर
पटाखों की दुकानों पर पुलिस की खास नजर रहेगी। पुलिस टीमें दुकानों के लाइसेंस, ग्रीन पटाखों की सील पैकिंग और QR कोड की जांच करेंगी। बेरियम वाले और प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक रहेगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इन जगहों पर पटाखे जलाए तो हो सकती है कार्रवाई
गुरुग्राम पुलिस ने कुछ जगहों को नो-क्रैकर जोन भी बनाया है। अस्पताल, नर्सिंग होम, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, वृद्धाश्रम और स्कूल-कॉलेज जैसे शैक्षणिक संस्थानों के 300 मीटर के दायरे में पटाखे जलाने पर रोक रहेगी।
इन जगहों के आसपास पुलिस की खास गश्त भी रहेगी
बाजारों और मॉल में सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी। दिवाली पर बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में सदर बाजार, शॉपिंग मॉल, सिनेमा हॉल और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की खास निगरानी रहेगी। पुलिस की टीमें पैदल, बाइक और PCR के जरिए गश्त करेंगी। महिलाओं से छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग और जेब काटने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
कहाँ-कहाँ होगी चेकिंग
सिर्फ बाजार ही नहीं, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, धार्मिक स्थल, अस्पताल और बिजली संयंत्रों पर भी सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा होटल, गेस्ट हाउस, PG, धर्मशाला, पब और बार में भी पुलिस की टीमें जांच करेंगी। संदिग्ध लोगों और वाहनों पर खास नजर रखी जाएगी। जुआ और सट्टा खेलने या खिलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पटाखों और विस्फोटक सामान के गोदामों की जांच भी होगी। दिवाली के दौरान सड़कों पर भी पुलिस का पहरा रहेगा। बाजारों और मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी।
इस दौरान बिना हेलमेट, बाइक पर तीन सवारी बैठाने और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलेगा। पार्किंग की भी निगरानी की जाएगी, ताकि वाहन चोरी की घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस अधिकारियों को भी सौंपी गई जिम्मेदारी
सभी पुलिस उपायुक्त अपने-अपने इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी की जांच करेंगे, ताकि त्योहार के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दिवाली खुशी और जिम्मेदारी के साथ मनाएं। केवल ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करें, तय समय का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
