कंपनी में रोज की तरह काम करने पहुंचे तीन कर्मचारियों को क्या पता था कि यह उनका आखिरी दिन साबित होगा। एक केमिकल टैंक की सफाई के लिए तीनों को अंदर उतारा गया, लेकिन कुछ ही देर बाद टैंक से उनकी लाशें बाहर निकलीं। बताया जा रहा है कि टैंक के अंदर जहरीली गैस भरी हुई थी। आरोप है कि तीनों कर्मचारियों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के टैंक में उतारा गया था।
दिल दहला देने वाला यह हादसा गुरुग्राम के भोंडसी थाना क्षेत्र में जेल रोड पर धुमसपुर गांव के पास स्थित संधार टेक्नोलॉजी कंपनी में हुआ। बुधवार दोपहर केमिकल टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन कर्मचारियों की मौत हो गई। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

कर्मचारियों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बादशाहपुर निवासी 56 वर्षीय नरेश यादव, बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पिपराहा गांव निवासी 21 वर्षीय मोहम्मद आरिफ और नवादा जिले के बरनामा गांव निवासी 46 वर्षीय अनिल झा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरिफ धुमसपुर और अनिल झा मारुति कुंज में किराये पर रह रहे थे। नरेश यादव साल 2021 से संधार कंपनी में वेल्डर के पद पर काम कर रहे थे, जबकि आरिफ और अनिल पेंटर थे।
टैंक में भरी थी जहरीली गैस
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर तीनों कर्मचारी केमिकल टैंक की सफाई करने के लिए अंदर उतरे थे। टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण तीनों की हालत बिगड़ गई और वे अंदर ही बेहोश हो गए। जब कंपनी के अन्य कर्मचारियों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तीनों को टैंक से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
छुट्टी करने पर टैंक साफ करने की दी गई ड्यूटी?
इस हादसे में सबसे गंभीर आरोप मृतक नरेश यादव के परिवार ने लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि नरेश ने एक दिन पहले छुट्टी ली थी। इसके बाद बुधवार को उन्हें काम पर बुलाया गया और टैंक की सफाई करने की जिम्मेदारी दी गई।
परिवार का आरोप है कि नरेश के साथ दो अन्य कर्मचारियों को भी बिना सुरक्षा उपकरणों के जहरीले केमिकल और गैस वाले टैंक में उतार दिया गया। परिजनों ने कंपनी के मैनेजर धीरज गुप्ता और सुरेश पर भी आरोप लगाए हैं। परिवार ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज करने की मांग की है। उनका यह भी कहना है कि कंपनी की ओर से हादसे की जानकारी देते समय उन्हें सही तरीके से घटना के बारे में नहीं बताया गया।
कंपनी प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस, एफएसएल और क्राइम सीन टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। मृतक नरेश यादव के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही से मौत की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
टैंक में कौन सी गैस थी, पुलिस कर रही जांच
बादशाहपुर के एसीपी कुलदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। टैंक में कौन सी जहरीली गैस मौजूद थी, इसका पता लगाया जा रहा है। पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बिना सुरक्षा उपकरणों के कर्मचारियों को जहरीली गैस वाले टैंक में क्यों उतारा गया? क्या टैंक की सफाई से पहले सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था? अब इन सवालों के जवाब पुलिस जांच में सामने आने का इंतजार है।
