आखिर किसकी लापरवाही ने ली 2 मासूमों की जान? गुरुग्राम में फिर बना मौत का तालाब!

खेलते-खेलते चार सहेलियां एक ऐसी जगह पहुंच गईं, जहां कुछ ही मिनटों में खुशियां मातम में बदल गईं। चारों बच्चियां तालाब में नहाने के लिए उतरीं, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि पानी इतना गहरा होगा। देखते ही देखते चारों डूबने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया और चारों को बाहर निकाला। उन्हें CPR भी दिया गया। इस हादसे में दो बच्चियों की जान बच गई, जबकि दो मासूमों की मौत हो गई।

कहाँ हुआ हादसा
यह दर्दनाक हादसा गुरुग्राम के सेक्टर-71 स्थित एक निर्माणाधीन सोसाइटी के गोल्फ कोर्स पॉन्ड में हुआ। मृतक बच्चियों की पहचान 12 वर्षीय नैना और 13 वर्षीय साजन के रूप में हुई है। दोनों बिहार के दरभंगा जिले की रहने वाली थीं और अपने परिवार के साथ गुरुग्राम के फाजिलपुर इलाके में रहती थीं।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब एक बजे साजन, नैना, राधा और नंदिनी खेलते हुए निर्माणाधीन सोसाइटी के गोल्फ कोर्स पॉन्ड के पास पहुंच गईं। पुलिस के मुताबिक, चारों बच्चियों ने वहां लगी टीनशेड को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद वे कच्चे तालाब में नहाने लगीं। इसी दौरान राधा और नंदिनी किसी तरह पानी से बाहर निकल आईं, लेकिन साजन और नैना का पैर फिसल गया। दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। पास में काम कर रहे मजदूरों ने बच्चियों को डूबते देखा तो शोर मचाया और उन्हें बचाने के लिए दौड़े।

दो मासूमों की जान
आसपास मौजूद लोगों और सुरक्षा गार्ड की मदद से चारों बच्चियों को पानी से बाहर निकाला गया। उन्हें CPR दिया गया। दो बच्चियों को होश आ गया, लेकिन नैना और साजन को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर बादशाहपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

बिल्डर और ठेकेदार पर लगाए लापरवाही के आरोप
दोनों मृत बच्चियों के परिवार पिछले करीब 10 साल से गुरुग्राम में रह रहे हैं। साजन के पिता रामविनय महतो और नैना के पिता लाल बाबू ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। साजन के पिता रामविनय महतो ने पुलिस को शिकायत देकर बिल्डर, निर्माण एजेंसी और ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि तालाब के चारों तरफ पक्की चारदीवारी नहीं बनाई गई थी। वहां केवल लोहे की टीन लगाई गई थी और बीच में खाली जगह छोड़ी गई थी। इसी रास्ते से बच्चियां अंदर पहुंचीं। परिजनों ने हादसे के लिए निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदार लोगों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

क्या कहा ACP ने
ACP बादशाहपुर कुलदीप कुमार के अनुसार, बच्चियों के पिता की शिकायत पर बादशाहपुर थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मौके से बच्चियों के कपड़े और तालाब के पानी के सैंपल लिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

तीन महीने पहले भी हुआ था हादसा
गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स के तालाब में बच्चों के डूबने की यह पहली घटना नहीं है। करीब तीन महीने पहले एंबिएंस आईलैंड स्थित गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई थी। उस घटना में नाथूपुर के चार बच्चे दीवार फांदकर गोल्फ कोर्स परिसर में पहुंचे थे। नहाने के दौरान तीन बच्चे पानी में डूब गए थे। लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसे निर्माणाधीन परिसरों और खुले तालाबों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। आखिर बच्चों की सुरक्षा के लिए ऐसे गहरे तालाबों के आसपास पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए जा रहे? अब देखना होगा कि पुलिस जांच में किसकी जिम्मेदारी सामने आती है।

More From Author

आखिर इन 2 बाइकों पर ऐसा क्या था? पुलिस ने चेक किया तो निकले 73 चालान!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *