अगर आपके परिवार की सालाना आय 5 लाख रुपये से कम है, तो गुरुग्राम से आपके लिए बड़ी खबर है। अब महंगे इलाज के खर्च से राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम के सेक्टर-102 स्थित श्री शीतला माता देवी मेडिकल कॉलेज एवं 883 बेड के टीचिंग अस्पताल में जरूरतमंद मरीजों के लिए विशेष प्रावधान करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत पात्र परिवारों को इलाज में सब्सिडी मिलेगी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

किन परिवारों को मिलेगा सस्ते इलाज का फायदा?
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंगलवार को चंडीगढ़ में हुई बैठक में अस्पताल के संचालन और रखरखाव को लेकर अहम चर्चा हुई। बैठक में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के साथ-साथ 5 लाख रुपये से कम सालाना आय वाले परिवारों के पात्र मरीजों को इलाज में सब्सिडी देने के प्रावधानों पर भी निर्देश दिए गए। इसका मकसद आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को महंगे इलाज के बोझ से राहत देना और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
अस्पताल में खुलेगी अमृत फार्मेसी, सस्ती मिलेंगी दवाइयां
इलाज के साथ दवाइयों का खर्च भी मरीजों की जेब पर भारी पड़ता है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी खोलने के निर्देश दिए हैं। यहां मरीजों और उनके परिजनों को गुणवत्तापूर्ण दवाइयां सस्ती दरों पर मिल सकेंगी। बैठक में मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों के दाखिले, उपलब्ध सीटों और फीस स्ट्रक्चर को लेकर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था और फीस से जुड़े प्रावधानों पर जरूरी निर्देश दिए।
बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह और सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। इसके अलावा मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, GMDA के CEO पी.सी. मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
