गुरुग्राम के चर्चित बाइकर सिया हिट एंड रन केस में आरोपी लवनीश की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। दूसरी बार जमानत के लिए कोर्ट पहुंचे आरोपी को इस बार भी राहत नहीं मिली। अदालत ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने साफ कहा कि फिलहाल लवनीश की भूमिका को मुख्य आरोपी से अलग करके नहीं देखा जा सकता।

कार में मौजूद था लवनीश
एडिशनल सेशन जज सुदीप गोयल की अदालत में जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। लवनीश के वकील ने दलील दी कि घटना के समय कार वह नहीं चला रहा था, इसलिए उसे जमानत दी जानी चाहिए। हालांकि, अदालत ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया। कोर्ट ने कहा कि रिकॉर्ड के अनुसार लवनीश घटना के वक्त कार में मौजूद था और इस स्तर पर उसकी भूमिका मुख्य आरोपी से अलग नहीं की जा सकती। इससे पहले 12 अक्टूबर को भी अदालत उसकी जमानत याचिका खारिज कर चुकी है।
कोर्ट में पेश किए CCTV और क्लब के बिल
सुनवाई के दौरान सरकारी वकील जगबीर सहरावत ने अदालत में CCTV फुटेज और उस क्लब के बिल पेश किए, जहां घटना से पहले दोनों आरोपी गए थे। सरकारी पक्ष ने दलील दी कि दोनों आरोपी घटना वाले दिन सुबह तक क्लब में शराब पी रहे थे। इसके बाद दोनों कार से निकले और सिया की बाइक को टक्कर मारी। सरकारी वकील ने आरोप लगाया कि दोनों ने मिलीभगत कर सिया को जान से मारने की नीयत से कार से टक्कर मारी थी। वहीं, सिया पक्ष ने भी लवनीश को जमानत मिलने पर उसके फरार होने और गवाहों को प्रभावित करने की आशंका जताई।
क्या है पूरा सिया हिट एंड रन मामला?
दरअसल, 13 सितंबर की सुबह दिल्ली के कालकाजी निवासी 27 वर्षीय बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया अपने साथी राइडर्स के साथ गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर बाइक से जा रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान पलवल निवासी कल्याण बैंसला और उसका चचेरा भाई लवनीश सफेद मारुति सियाज कार से उनका पीछा कर रहे थे। सिया के मुताबिक, कार सवार युवकों ने उनके साथ बदसलूकी की और अश्लील इशारे किए। इसके बाद जब सिया आगे बढ़ीं तो आरोप है कि कार चालक कल्याण ने अचानक लेन बदलकर उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से सिया सड़क पर गिर गईं और कई बार पलटती हुई दूर जा गिरीं। इस पूरी घटना का वीडियो सिया के हेलमेट में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला काफी चर्चा में आया और पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस ने बनाई थी 5 सदस्यीय SIT
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसीपी सुशीला के नेतृत्व में पांच सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) गठित की थी। पुलिस की जांच में इसे महज सड़क हादसा नहीं, बल्कि कथित बदसलूकी के बाद किया गया जानलेवा हमला माना गया। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद दोनों आरोपी राजस्थान भाग गए थे। फिलहाल लवनीश को दूसरी बार भी जमानत नहीं मिल पाई है। ऐसे में इस चर्चित मामले में उसकी कानूनी मुश्किलें बरकरार हैं।
