गुरुग्राम में सफर करने के लिए न तो महंगे कैब किराये की चिंता होगी और न ही प्रदूषण फैलाने वाली बसों पर निर्भर रहना पड़ेगा। शहर की सड़कों पर जल्द 71 नई इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती नजर आएंगी। जानिए कौन-कौन से रूट होंगे और कितना किराया होगा?

शुरू हुआ इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल
इन बसों में सफर करने के लिए न्यूनतम किराया सिर्फ 15 रुपये रखा गया है। फिलहाल 35 बसों का 9 रूटों पर यात्रियों के साथ ट्रायल शुरू हो चुका है। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) के बेड़े में 71 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई हैं। इनमें से 35 बसें 9 अलग-अलग रूटों पर चलनी शुरू हो गई हैं, जबकि बाकी बसों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जारी है।
इन बसों के आने से शहर के कई रिहायशी सेक्टर, मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन और प्रमुख इलाकों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। GMCBL के CEO विश्वजीत चौधरी के मुताबिक, इन बसों से नए रूट शुरू करने और मौजूदा रूटों पर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने में मदद मिलेगी।
क्या है इलेक्ट्रिक बसों के रूट
इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल फिलहाल इन रूटों पर किया जा रहा है:
1. गुरुग्राम बस स्टैंड से हेलीमंडी होते हुए पटौदी रेलवे स्टेशन और वापसी।
2. गुरुग्राम बस स्टैंड से गुरुग्राम यूनिवर्सिटी होते हुए ढाणा मोड़।
3. IMT चौक से द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन।
4. सेक्टर-99A स्थित कॉन्सिएंट हैबिटेट से गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन।
5. सेक्टर-37 (पेस सिटी-2) से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन।
6. कॉन्सिएंट हैबिटेट सेक्टर-99A से केंद्रीय विहार।
7. भोंडसी पुलिस चौकी से महावीर चौक (गौशाला ग्राउंड)।
8. गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से ढाणा मोड़।

जानिए कितना होगा किराया
इन इलेक्ट्रिक बसों का किराया भी आम लोगों की जेब को ध्यान में रखकर तय किया गया है।
– 0 से 6 किलोमीटर: 15 रुपये
– 6 से 13 किलोमीटर: 25 रुपये
– 13 किलोमीटर से ज्यादा: 35 रुपये
यानी शहर में लंबी दूरी का सफर भी अधिकतम 35 रुपये में किया जा सकेगा।
कहाँ से होगा संचालन
इन इलेक्ट्रिक बसों में 25 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। फिलहाल इनका संचालन सेक्टर-10 स्थित बस डिपो से किया जा रहा है। ट्रायल के दौरान यात्रियों की प्रतिक्रिया, बसों की संचालन क्षमता और अलग-अलग रूटों की कनेक्टिविटी का आकलन किया जाएगा। इसके बाद इन्हें नियमित सेवा में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
150 CNG बसों के साथ बढ़ेगा सिटी बसों का बेड़ा
फिलहाल GMCBL के तहत गुरुग्राम में 150 CNG बसें सार्वजनिक परिवहन की सुविधा दे रही हैं। अब 71 इलेक्ट्रिक बसें शामिल होने से शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। इन बसों से रिहायशी सेक्टरों को मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन और दूसरे प्रमुख स्थानों से जोड़ने में मदद मिलेगी। साथ ही इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण कम करने और लोगों को सस्ते, सुविधाजनक व पर्यावरण के अनुकूल सफर का विकल्प देने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि ट्रायल पूरा होने के बाद ये बसें नियमित रूप से कब तक सभी निर्धारित रूटों पर दौड़ने लगती हैं।
