गुरुग्राम की सड़कों पर फर्राटा भर रहे एक बाइक और एक ऑटो को ट्रैफिक पुलिस ने रुकवाया, लेकिन जब इनके चालानों का रिकॉर्ड चेक किया गया तो पुलिस भी हैरान रह गई। दोनों वाहनों पर कुल 61 चालान पेंडिंग मिले और जुर्माने की रकम कई लाखों रुपये में निकली।

एक बाइक पर 38 चालान
पहली कार्रवाई ट्रैफिक पुलिस की ईस्ट-1 टीम ने की। TI जगबीर और उनकी टीम ने जांच के दौरान एक बाइक को इम्पाउंड किया। रिकॉर्ड चेक करने पर बाइक के नाम पर 38 लंबित चालान मिले। इनकी कुल जुर्माना राशि 1 लाख 70 हजार 500 रुपये थी। इनमें ज्यादातर चालान बिना हेलमेट बाइक चलाने और वैध प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) के बिना वाहन चलाने के थे।
ऑटो पर कई लाखों का जुर्माना
वहीं, दूसरी कार्रवाई हनुमान चौक पर ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान की गई। जोनल अधिकारी ASI किरण कुमार और उनकी टीम ने एक ऑटो को जांच के लिए रुकवाया। जब ऑटो का रिकॉर्ड चेक किया गया तो उस पर 23 चालान लंबित मिले। इनकी कुल जुर्माना राशि 1 लाख 31 हजार रुपये थी। ऑटो के चालानों में गलत दिशा में वाहन चलाने, जेब्रा क्रॉसिंग के नियम तोड़ने और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने जैसे उल्लंघन शामिल थे।

क्यों हुए वाहन इम्पाउंड
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, दोनों वाहन चालकों ने जांच के दौरान जरूरी दस्तावेज पेश नहीं किए। इसके बाद बाइक और ऑटो दोनों को इम्पाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा कर दिया गया। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि बार-बार नियम तोड़ने और चालानों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, वैध PUC रखने और गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।
