गुरुग्राम में रहने वाले लोगों के मन में अक्सर एक सवाल रहता है कि आखिर कब शहर को प्रदूषण, ट्रैफिक जाम और बारिश में जलभराव से राहत मिलेगी? कब सड़कों पर सफर आसान होगा और सरकारी कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे? अब इन सभी समस्याओं को दूर करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने बड़ा प्लान तैयार करने की बात कही है। खास बात यह है कि शहर का विकास सिर्फ आज की जरूरतों को देखकर नहीं, बल्कि अगले 100 साल की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

प्रदूषण और ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत?
GMDA के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा ने पदभार संभालने के बाद शहर के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बताई हैं। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम को इको फ्रेंडली और सिटीजन फ्रेंडली शहर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।
इसके तहत वायु प्रदूषण को कम करने, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और सड़कों के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनसे जुड़ी परियोजनाओं को इसी साल शुरू करने की योजना है, ताकि लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।
बारिश में सड़कों पर नहीं भरेगा पानी?
गुरुग्राम में बारिश होते ही कई इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आती है। इससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। अब GMDA की प्राथमिकताओं में इस समस्या का स्थायी समाधान भी शामिल किया गया है। इसके लिए ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने और जहां बुनियादी सुविधाओं में कमी है, उसे दूर करने पर काम किया जाएगा। कोशिश रहेगी कि बारिश के दौरान लोगों को जलभराव की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सरकारी काम के लिए नहीं काटने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर
शहर में नागरिक सुविधाओं को आसान बनाने के लिए डिजिटल सेवाओं को भी बढ़ावा दिया जाएगा। GMDA की 38 सेवाएं पहले से ही ऑनलाइन उपलब्ध हैं। अब ज्यादा से ज्यादा सेवाओं को ऑनलाइन लाने पर जोर दिया जाएगा, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इससे नागरिक घर बैठे ही कई सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
शीतला माता मेडिकल कॉलेज से मजबूत होंगी स्वास्थ्य सुविधाएं
गुरुग्राम में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना भी GMDA की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए शीतला माता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण एक महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इस परियोजना से शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने में मदद मिलेगी और लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम होगा।

अगले 100 साल को ध्यान में रखकर बनेगा गुरुग्राम
अतिरिक्त सीईओ मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि गुरुग्राम के विकास की योजना केवल वर्तमान जरूरतों तक सीमित नहीं रहेगी। शहर की बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अगले 100 वर्षों की प्लानिंग पर ध्यान दिया जाएगा।
इसका मकसद गुरुग्राम को ऐसा शहर बनाना है, जहां बेहतर सड़कें हों, ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत हो, प्रदूषण कम हो और लोगों को अच्छी बुनियादी सुविधाएं मिलें।
अब सवाल, जमीन पर कब दिखेगा बदलाव?
गुरुग्राम के लिए प्रदूषण, ट्रैफिक जाम और जलभराव से राहत का प्लान नया नहीं है। शहर के लोग लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में GMDA की नई प्राथमिकताओं से उम्मीदें जरूर बढ़ी हैं, लेकिन असली सवाल यही है कि इन योजनाओं पर काम कब शुरू होगा और लोगों को इनका फायदा कब तक मिलेगा?
