जिस मकान को रहने के लिए बनाया गया था, वहां चल रहे थे बड़े-बड़े कमर्शियल ऑफिस! कहीं बेसमेंट में आर्किटेक्ट फर्म काम कर रही थी, तो कहीं पार्किंग और दूसरी मंजिल तक को ऑफिस में बदल दिया गया था। हैरानी की बात यह है कि कुछ रिहायशी मकानों में 30 से 40 कर्मचारी तक काम कर रहे थे। अब ऐसे कार्यालयों पर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-2 में लगातार चौथे दिन सीलिंग अभियान चलाया गया और कई आर्किटेक्ट व डिजाइनिंग फर्मों के कार्यालयों पर ताले लगा दिए गए।

चौथे दिन भी जारी रहा सीलिंग अभियान
जिला नगर योजनाकार एनफोर्समेंट (DTPE) अमित मधोलिया के नेतृत्व में सोमवार को विभाग की टीम ने डीएलएफ फेज-2 के अलग-अलग ब्लॉकों में कार्रवाई की। इस दौरान उन रिहायशी मकानों को निशाने पर लिया गया, जहां नियमों के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही थीं। टीम ने खास तौर पर बेसमेंट, डबल हाइट बेसमेंट और स्टिल्ट पार्किंग में चल रहे कमर्शियल कार्यालयों पर कार्रवाई की।
इन आर्किटेक्ट और डिजाइनिंग फर्मों के ऑफिस हुए सील
कार्रवाई के दौरान जे-2/5 में बेसमेंट में चल रहे मंथन आर्किटेक्ट्स के कार्यालय को सील किया गया। वहीं जे-2/6 में भूतल पर चल रहे आर्किटेक्ट ऑफिस और बेसमेंट में संचालित मोटरमैन कंपनी के कार्यालय पर भी ताला लगा दिया गया। इसके अलावा जे-1/8 में बेसमेंट में चल रहे एक कमर्शियल कार्यालय को सील किया गया।
कई नामी आर्किटेक्ट फर्म भी कार्रवाई की जद में
सीलिंग अभियान के दौरान कई अन्य कार्यालयों पर भी कार्रवाई हुई। इनमें प्रमुख रूप से:
जेसीएम-7ए में प्रॉपर्टी डीलर का कार्यालय।
एम-7/10 में डबल हाइट बेसमेंट में चल रहा स्टूडियो मॉडबॉक्स (हरजस एवं गुनीत सिंह)।
पी-3/44 में नटशेल आर्किटेक्ट्स का बेसमेंट कार्यालय।
क्यू-6/1 में आर्किटेक्ट धनंजय लखनपाल का स्टूडियो मैथीमा।
के-3/67ए में एस्रो आर्केड इंडिया (रॉबिन आर्किटेक्ट) का स्टिल्ट और डबल बेसमेंट में चल रहा कार्यालय।
के-7/34 में फिनआर्क स्टूडियो के भूतल और दूसरी मंजिल पर चल रहे कार्यालय।
इसके अलावा पी-1/23 में ग्रीनबॉक्स आर्किटेक्ट्स के अमित शर्मा के कार्यालय का मामला भी अभियान के दौरान सामने आया।
कुछ संपत्ति मालिकों ने खुद बंद कर दिए कार्यालय
विभाग की कार्रवाई के बीच कुछ संपत्ति मालिकों ने खुद ही नियमों के खिलाफ चल रही गतिविधियां बंद कर दीं। एएनएम-59 में पहले संचालित कार्यालय को मालिक ने स्वयं हटा लिया। वहीं जेसीएम-12 में पहले चल रही प्रयोगशाला को भी बंद कर दिया गया।
आखिर रिहायशी मकानों में कैसे चल रहे थे बड़े-बड़े ऑफिस?
डीएलएफ फेज-2 में लगातार चार दिनों से चल रही इस कार्रवाई ने रिहायशी इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि विभाग का यह सीलिंग अभियान आगे किन इलाकों तक पहुंचता है और क्या ऐसे अन्य कार्यालयों पर भी कार्रवाई होगी?
