माता-पिता ड्यूटी पर गए, घर बना आग का गोला! दो मासूमों ने कैसे बचाई अपनी जान?

सुबह का समय था, माता-पिता अपने काम पर जा चुके थे और घर में दो मासूम बच्चे खेल रहे थे। तभी अचानक घर के अंदर से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में घर आग का गोला बन गया। लेकिन इस खौफनाक मंजर के बीच दोनों बच्चों ने ऐसी सूझबूझ दिखाई कि उनकी जान बच गई।

घर पर नही थे माता-पिता
घटना गुरुग्राम में जेल रोड के पास धुमसपुर की एनकेवी कॉलोनी की है, जहां एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मकान मालिक दया शंकर ने बताया कि वह एयरटेल कंपनी में काम करते हैं, जबकि उनकी पत्नी भी एक निजी कंपनी में नौकरी करती हैं। रोजाना की तरह मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दोनों अपनी-अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकल गए थे।

घर पर उनके दोनों बच्चे अकेले थे और मुख्य गेट के पास खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक घर के अंदर से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पूरे मकान में फैलने लगीं।

आग देखकर घबराए बच्चे
घर के अंदर से धुआं और आग की लपटें निकलती देखकर दोनों बच्चे घबरा गए। हालांकि, उन्होंने समझदारी दिखाते हुए तुरंत घर से बाहर की ओर दौड़ लगा दी। दोनों बच्चे सुरक्षित बाहर निकल आए। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।

दमकल की दो गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल विभाग की तत्परता से आग आसपास के दूसरे मकानों तक नहीं पहुंच सकी। अगर आग पड़ोसी घरों तक फैल जाती तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।

घर का सामान जलकर राख, लाखों का नुकसान
आग बुझने के बाद जब घर के अंदर का नजारा देखा गया तो वहां रखा लगभग सारा सामान जलकर राख हो चुका था। मकान मालिक दया शंकर के मुताबिक, घर का फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, नकदी और जरूरी दस्तावेज आग में नष्ट हो गए। इस घटना में परिवार को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि दोनों बच्चे समय रहते घर से बाहर निकल आए और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

More From Author

रिहायशी मकानों में चल रहे थे 40-40 कर्मचारियों वाले ऑफिस! DLF-2 में आखिर किस-किस पर गिरा गाज?

क्या आप भी हाईवे पर मारते हैं अचानक कट? गुरुग्राम पुलिस ने अब तक काटे हाजारों चालान!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.