सर्द रातों में जब पारा गिरता है, तो खुले आसमान के नीचे सोने वाले लोगों के लिए हर रात किसी चुनौती से कम नहीं होती। ऐसे में अगर आपके आसपास कोई बेसहारा या बेघर व्यक्ति ठंड में रात गुजारने को मजबूर है, तो उसके लिए राहत की खबर है। गुरुग्राम नगर निगम ने सर्दी से बचाव के लिए शहर में 6 जगहों पर रैन बसेरों का संचालन शुरू कर दिया है। खास बात यह है कि इस बार यहां नए और साफ बिस्तरों के साथ गर्म पानी और चाय जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की तैयारी है।

शहर में इन 6 जगहों पर बनाए गए रैन बसेरे
नगर निगम गुरुग्राम ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में जरूरतमंदों के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था की है। ये रैन बसेरे निम्नलिखित स्थानों पर शुरू किए गए हैं:
– महावीर चौक
– कादीपुर
– सेक्टर-4/7 चौक, भीमनगर
– दरबारीपुर रोड
– कन्हई
– राजीव चौक
इन रैन बसेरों का उद्देश्य बेघर, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को सर्दी के मौसम में सुरक्षित जगह उपलब्ध कराना है, ताकि किसी को भी खुले आसमान के नीचे ठंड में रात न गुजारनी पड़े।
नए बिस्तर और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान
इस बार नगर निगम ने रैन बसेरों में साफ-सफाई और बिस्तरों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया है। सभी 6 रैन बसेरों में साफ और नए बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। साथ ही प्रत्येक रैन बसेरे में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि वहां पहुंचने वाले लोगों को जरूरी सुविधाएं मिल सकें और व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलती रहें।
शौचालय, गर्म पानी और चाय भी मिलेगी
नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने रैन बसेरों में रहने वाले लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए शौचालय, गर्म पानी और चाय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निगम का प्रयास है कि ठंड के मौसम में जरूरतमंद लोगों को सिर्फ छत ही नहीं, बल्कि रहने के लिए साफ और सुविधाजनक माहौल भी मिले।
रैन बसेरों की जिम्मेदारी किस अधिकारी को मिली?
रैन बसेरों में बेहतर व्यवस्था और सुविधाओं की निगरानी के लिए नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने अतिरिक्त निगमायुक्त पूजा चांवरिया को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों को रैन बसेरों की जानकारी देने के लिए शहर के अलग-अलग स्थानों पर सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं।
सर्दी बढ़ने के साथ खुले में रहने वाले लोगों की मुश्किलें भी बढ़ जाती हैं। ऐसे में नगर निगम की यह पहल जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित आश्रय देने की दिशा में महत्वपूर्ण है। अब जरूरत है कि शहर के लोग भी अपने आसपास किसी बेसहारा व्यक्ति को खुले में ठंड से जूझते देखें, तो उसे इन रैन बसेरों की जानकारी दें।
