DLF फेज-1 में आधी रात को ऐसा क्या हुआ? 14 इमारतें सील, महिलाओं ने किया हंगामा!

गुरुग्राम के सबसे पॉश इलाकों में शामिल DLF फेज-1 में देर रात ऐसा एक्शन हुआ कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जिन रिहायशी कोठियों में दुकानें, ऑफिस, जिम, स्पा और गेस्ट हाउस चलाए जा रहे थे, उन पर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की टीम पहुंच गई। विभाग ने एक-एक करके कुल 14 इमारतों को सील कर दिया। इस दौरान कुछ महिलाओं और अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।

महिलाओं ने किया हंगामा, पुलिस के सामने हुई नोकझोंक
कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं ने विरोध जताया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिलाओं ने टीम को कार्रवाई रोकने की धमकी दी और डीटीपीई अमित मधोलिया से तीखी बहस की। मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद था। इस दौरान डीटीपीई ने महिला पुलिसकर्मियों से सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में कार्रवाई करने को कहा। घटनाक्रम के चलते मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

एक ही बिल्डिंग में चल रहे थे कई कारोबार
DLF फेज-1 के F ब्लॉक में F-17/1 स्थित चार मंजिला इमारत में सिमेंस का कार्यालय, डांस आर्केड, कोरम मेडिटेशन सेंटर, तत्वा स्पा और नजाकत वुमेंस वियर जैसे प्रतिष्ठान चल रहे थे। स्टिल्ट पार्किंग समेत पूरी इमारत में व्यावसायिक गतिविधियां मिलने पर इसे सील कर दिया गया। F-17/4 में भी कई व्यावसायिक कार्यालय और वेलनेस सेंटर संचालित मिले। वहीं F-17/5 में क्यूमैथ का शैक्षणिक सेंटर चल रहा था, जहां 150 से अधिक बच्चे पढ़ रहे थे। विभाग ने इन इमारतों को भी सील कर दिया।

गेस्ट हाउस से लेकर जिम तक पर कार्रवाई
गोल्फ कोर्स रोड पर F-10/10 स्थित सॉल्ट स्टेज गेस्ट हाउस में स्टिल्ट पार्किंग के हिस्से में रसोई, कमरे और लाउंज जैसी सुविधाएं बनाई गई थीं। विभाग ने गेस्ट हाउस और बेसमेंट में चल रहे कार्यालय को सील किया।

वहीं F-10/11 स्थित ट्रीबो-आइवी कैसल गेस्ट हाउस के बेसमेंट में व्यावसायिक इस्तेमाल और अतिरिक्त सुविधाएं मिलने पर उसे सील किया गया। इसके अलावा A-55/21 में फिजियोकेयर क्लीनिक, कार्यालय, मॉड्यूलर किचन और इंटीरियर डिजाइनर का कार्यालय भी सील किया गया। A-56/13 के बेसमेंट में चल रहे कैलिक्लान जिम पर भी कार्रवाई हुई।

कार शोरूम, ज्वेलरी शोरूम और रेस्टोरेंट भी सील
सीलिंग अभियान के दौरान A-26/10 में दंत चिकित्सालय और ज्वेललाउंज आभूषण शोरूम को सील किया गया। A-27/1 में इम्पीरियम जिम, विनफास्ट कार शोरूम, मेडकलियर क्लीनिक और सिमेंस होम अप्लायंसेज का प्रतिष्ठान संचालित मिला।
इसके अलावा A-14/27 में डिजाइनर बुटीक मंजीत भुल्लर और ब्लिंकिट के गोदाम सहित व्यावसायिक कार्यालयों पर कार्रवाई हुई। A-14/29 के बेसमेंट में चल रहे रेस्टोरेंट, F-9/13 में डिजाइनर बुटीक सुनैना खेरा और F-9/8 में इलेक्ट्रॉनिक्स मार्ट को भी सील किया गया।

कोर्ट से स्टे वाली इमारतों पर नहीं हुई कार्रवाई
डीटीपीई अमित मधोलिया के मुताबिक, विभाग की कार्रवाई नियमानुसार की गई है। जिन इमारतों को किसी अदालत से स्टे मिला हुआ था, उन्हें इस अभियान से बाहर रखा गया। उन्होंने साफ किया कि रिहायशी मकानों में नियमों के खिलाफ व्यावसायिक गतिविधियां चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अब DLF फेज-1 में हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद उन लोगों में हलचल है, जो रिहायशी इमारतों में व्यावसायिक प्रतिष्ठान चला रहे हैं।

More From Author

मानेसर के नाले में क्या डाल रहे थे टैंकर चालक? मौके पर पहुंची निगम की टीम!

साइबर सिटी को चमकाने के लिए कौन-सा नया मॉडल ला रहे हैं राव इंद्रजीत?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *