रात के अंधेरे में या दिन के समय चुपचाप नालों में गंदा पानी खाली करने वाले टैंकर संचालकों की अब खैर नहीं! मानेसर में नगर निगम ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार शाम संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार ने मौके पर पहुंचकर गंदा पानी डाल रहे दो टैंकरों को पकड़ लिया। दोनों पर कुल 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

नाले में डाल रहे थे गंदा पानी
जानकारी के मुताबिक, दोनों टैंकर चालक सेक्टर-90 चौक के पास HSIIIDC के नाले में अवैध रूप से गंदा पानी खाली कर रहे थे। नगर निगम की टीम ने मौके पर ही दोनों टैंकरों को पकड़कर इंपाउंड कर लिया। नगर निगम ने दोनों टैंकर संचालकों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। यानी दोनों पर कुल 1 लाख रुपये की कार्रवाई की गई है।
लोगों की सेहत और पर्यावरण पर खतरा
बताया जा रहा है कि मानेसर नगर निगम क्षेत्र में कुछ टैंकर संचालक निर्धारित जगहों पर गंदा पानी खाली करने के बजाय नालों और अन्य स्थानों पर डाल रहे हैं। इससे आसपास गंदगी फैलने के साथ पर्यावरण प्रदूषण और लोगों की सेहत पर भी खतरा पैदा हो सकता है।
निगम ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार ने कहा कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस दौरान नगर निगम के एक्सईएन एसबीएम निजेश भी मौजूद रहे। अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद मानेसर में नालों में गंदा पानी डालने वाले टैंकर संचालकों पर कितना अंकुश लग पाता है।
