सोचिए, आप अपनी जिंदगी की जमा-पूंजी लगाकर एक दुकान खरीदें। कागजों में दुकान का एरिया 40 वर्गफुट लिखा हो, लेकिन जब हकीकत सामने आए तो पता चले कि दुकान सिर्फ 9.88 वर्गफुट की है। गुरुग्राम के चर्चित 32 माइलस्टोन से ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है।

40 वर्गफुट की बताई दुकान, असल में निकली सिर्फ 9.88 वर्गफुट
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने 32 माइलस्टोन में दुकान नंबर G-165A खरीदने के लिए 32 लाख 45 हजार रुपये दिए थे। आरोप है कि दुकान की कन्वेयंस डीड में उसका एरिया 40 वर्गफुट बताया गया, जबकि वास्तविक क्षेत्रफल केवल 9.88 वर्गफुट निकला। यानी कागजों में जितनी जगह दिखाई गई, असल में दुकान उससे करीब चार गुना छोटी थी। निवेशक को इस अंतर का पता चलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया।
लीज और हर महीने किराये का भी दिया था भरोसा
शिकायत के अनुसार, दुकान खरीदने के साथ निवेशक को Growth Hospitality LLP के माध्यम से लीज दिलाने और हर महीने नियमित किराया देने का भरोसा भी दिया गया था। शुरुआत में कुछ समय तक किराया मिला, लेकिन बाद में भुगतान बंद हो गया। इसके बाद निवेशक ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। 6 अगस्त को मिली शिकायत के आधार पर आर्थिक अपराध शाखा-1 ने जांच शुरू की।
डायरेक्टर समेत परिवार गिरफ्तार
पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए 32 माइलस्टोन के डायरेक्टर अनुभव शर्मा, उनकी पत्नी ममता शर्मा, बेटी सरीन शर्मा और बेटे ध्रुवदत्त शर्मा को गिरफ्तार किया। चारों सेक्टर-15 पार्ट-2 स्थित 32 माइलस्टोन में रहते हैं। पुलिस का आरोप है कि इस पूरे मामले में परिवार के सदस्यों की भी भूमिका रही है। चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
क्या दूसरे निवेशकों के साथ भी हुआ ऐसा ही खेल?
पुलिस की शुरुआती जांच में एक और गंभीर बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर बैंक के पास गिरवी रखी कुछ संपत्तियों को भी दूसरे निवेशकों को बेचने का काम किया। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस मामले में और कितने लोग प्रभावित हुए हैं और कहीं अन्य संपत्तियों को लेकर भी इसी तरह का लेन-देन तो नहीं हुआ।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही पैसों के लेन-देन, संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
