नई सैंडल खरीदी, पहली बार पहनी और कुछ ही देर में उसकी हील मुड़ गई। ऊपर से गोंद भी उखड़ने लगा। जब ग्राहक सैंडल बदलवाने शोरूम पहुंचा तो कंपनी ने उसे बदलने के बजाय सिर्फ मरम्मत कराने की बात कही। लेकिन ग्राहक ने हार नहीं मानी और मामला उपभोक्ता आयोग तक पहुंच गया। अब आयोग ने फुटवियर कंपनी को सैंडल की कीमत ब्याज सहित लौटाने के साथ मुआवजा और कानूनी खर्च देने का आदेश दिया है।

हजारों रुपये की सैंडल पहली बार पहनते ही हुई खराब
शिकायत के मुताबिक, दीपक गुप्ता और उनकी पत्नी श्वेता ने 30 अगस्त 2025 को गुरुद्वारा रोड स्थित स्टेलेटोस शूज एंड एक्सेसरीज प्राइवेट लिमिटेड के शोरूम से 2,429 रुपये में एक जोड़ी सैंडल खरीदी थी। आरोप है कि खरीदारी के समय सेल्समैन ने इसे बिल्कुल नया पीस बताते हुए किसी भी खराबी पर छह महीने की रिप्लेसमेंट वारंटी का भरोसा दिया था।
लेकिन यह भरोसा ज्यादा दिन नहीं चला। 1 सितंबर को श्वेता ने पहली बार सैंडल पहनी तो उसकी हील मुड़ गई और चिपकाने वाला गोंद भी उखड़ने लगा।
कंपनी ने बदलने से किया इनकार
इसके बाद 3 सितंबर को दंपती सैंडल बदलवाने शोरूम पहुंचे। शिकायत के अनुसार, वहां प्रबंधक ने सैंडल बदलने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, खराबी के लिए श्वेता के पैर मुड़ने को जिम्मेदार ठहराया गया और सैंडल की मरम्मत कराने का विकल्प दिया गया। दंपती ने पैसे वापस मांगे, लेकिन उनकी मांग पर सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार उन्होंने जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग में शिकायत दर्ज कराई।
कंपनी ने बिल की शर्तों का दिया हवाला
आयोग में शिकायतकर्ताओं की ओर से वकील चंदन यादव ने खरीदारी का बिल, हलफनामा और खराब सैंडल की तस्वीरें पेश कीं। वहीं, कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि अक्षय शर्मा ने दलील दी कि बिल पर लिखी शर्तों के अनुसार पैसे वापस नहीं किए जा सकते। कंपनी ने यह भी कहा कि 90 दिनों की वारंटी के तहत केवल मरम्मत की सुविधा दी जाती है।
आयोग ने कंपनी को सुनाया आदेश
मामले की सुनवाई के बाद आयोग के अध्यक्ष संजीव जिंदल और सदस्य ज्योति सिवाच व खुशविंदर कौर की पीठ ने कंपनी की दलीलों को खारिज कर दिया। आयोग ने कहा कि घटिया गुणवत्ता का सामान बेचने के बाद कंपनी अपनी गलती का फायदा नहीं उठा सकती। बिल पर लिखी एकतरफा शर्तें उपभोक्ता के अधिकारों को खत्म नहीं कर सकतीं। आयोग ने कंपनी को सेवा में कोताही और अनुचित व्यापार व्यवहार का दोषी माना।
कंपनी को देने होंगे हजारों रुपये और ब्याज
आयोग ने कंपनी को आदेश दिया है कि वह शिकायतकर्ताओं को 30 अगस्त 2025 से 9 प्रतिशत सालाना ब्याज के साथ 2,428.99 रुपये वापस करे। इसके अलावा मानसिक परेशानी के लिए 15 हजार रुपये और मुकदमे के खर्च के रूप में 11 हजार रुपये भी देने होंगे। यानी सैंडल की कीमत लौटाने के साथ कंपनी को कुल 26 हजार रुपये अतिरिक्त देने होंगे। इस फैसले ने साफ कर दिया है कि खराब सामान बेचकर कंपनी अपनी शर्तों के पीछे छिपकर उपभोक्ता की शिकायत को नजरअंदाज नहीं कर सकती।
