क्या आपने कभी एक ही मंच पर शास्त्रीय संगीत, नृत्य और नई पीढ़ी के उभरते कलाकारों को एक साथ देखने का अनुभव किया है? अगर नहीं, तो नवंबर के आखिरी दिनों में गुरुग्राम में ऐसा मौका मिलने जा रहा है।

कब होगा गुरुग्राम फेस्टिवल आयोजित ?
शहर के अपैरल हाउस में 27 से 29 नवंबर तक तीन दिवसीय गुरुग्राम फेस्टिवल आयोजित होगा। इसमें देश के जाने-माने शास्त्रीय संगीतकारों से लेकर युवा कलाकारों तक की प्रस्तुतियां देखने और सुनने को मिलेंगी। इस फेस्टिवल में भारतीय कला और संस्कृति की झलक के साथ संगीत, नृत्य और साहित्य से जुड़ी हस्तियां दर्शकों के सामने अपनी कला पेश करेंगी। आयोजन का उद्देश्य भारत की समृद्ध कलात्मक परंपराओं को नई पीढ़ी की अभिव्यक्तियों के साथ एक मंच पर लाना है।
पद्मश्री कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी खास
फेस्टिवल के आयोजक विक्रम दत्ता के अनुसार, इस आयोजन में शास्त्रीय संगीत और नृत्य जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी। इनमें पद्मश्री पंडित उल्हास कशलकर और पंडित सुरेश तलवलकर के नाम प्रमुख हैं। वहीं, पद्मश्री पंडित तरुण भट्टाचार्य संतूर वादन से संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसके अलावा सरवर हुसैन खान सारंगी और पंडित देबज्योति बोस सरोद वादन की प्रस्तुति देंगे।
भरतनाट्यम से लेकर गायन तक, दिखेगी कला की विविधता
गुरुग्राम फेस्टिवल में पंडित हरीश तिवारी और कश्यप बंधु गायन की प्रस्तुति देंगे। वहीं, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित प्रियदर्शिनी गोविंद भरतनाट्यम के जरिए भारतीय नृत्य परंपरा की खूबसूरती मंच पर पेश करेंगी। इस आयोजन की एक खास बात यंग मास्टर्स सीरीज भी होगी। इसके जरिए नई पीढ़ी के प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी कला दिखाने का मौका मिलेगा। इस सीरीज में मेहताब अली नियाजी, अमान हुसैन, ईशान घोष और स्नेहा चटर्जी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
कब तक चलेगा कला और संस्कृति का उत्सव
तीन दिनों तक चलने वाला यह फेस्टिवल गुरुग्राम के कला और संगीत प्रेमियों के लिए खास रहने वाला है। यहां दर्शकों को देश के अनुभवी कलाकारों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी सुनने और देखने का मौका मिलेगा। अब देखना होगा कि गुरुग्राम के दर्शक इस सांस्कृतिक आयोजन को कितना पसंद करते हैं। इतना जरूर है कि 27 से 29 नवंबर तक अपैरल हाउस में संगीत, नृत्य और भारतीय कला की अलग-अलग रंगत देखने को मिलेगी।
