ऑनलाइन ऐप के जरिए हुई दोस्ती के बाद एक व्यक्ति से कथित तौर पर लाखों रुपये की ब्लैकमेलिंग करने का मामला सामने आया है। गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक 24 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामला गुरुग्राम के सदर थाना क्षेत्र का है।

कैसे फसाया अपने झांसे में
पुलिस को 4 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि करीब तीन साल पहले उसकी मुलाकात महिला से एक ऑनलाइन ऐप के जरिए हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच चैट होती थी और बाद में मुलाकातें शुरू हो गईं। शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ समय बाद महिला ने उसे कथित तौर पर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि महिला उसे झूठे रेप केस में फंसाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर पैसे मांगती थी।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि अब तक बैंक ट्रांजैक्शन और नकद के जरिए वह महिला को करीब 90 लाख रुपये दे चुका था। इसके बाद भी पैसों की मांग जारी थी। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।
कैसे पुलिस ने महिला को दबोचा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता को सेक्टर-47, सोहना रोड स्थित एक कॉफी हाउस में पैसे देने के लिए बुलाया था। पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता को जरूरी निर्देश दिए और सादे कपड़ों में मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू कर दी। जैसे ही महिला ने शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये नकद लिए, पुलिस ने उसे मौके पर पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, महिला के पास से वही 50 हजार रुपये बरामद हुए। नोटों में कुछ पर पुलिस टीम द्वारा पहले से किए गए हस्ताक्षर या निशान भी मिले।
कितने पैसे मिले बैंक खाते से? पुलिस ने करवाए फ्रीज
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि महिला की शिकायतकर्ता से करीब तीन साल पहले ऑनलाइन ऐप के जरिए पहचान हुई थी। पुलिस का दावा है कि इसके बाद कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग कर लगातार पैसों की मांग की जाती रही। पुलिस के अनुसार, महिला से जुड़े बैंक खाते में करीब 95 लाख रुपये मिले हैं, जिन्हें नियमानुसार फ्रीज करवाया गया है। आरोपी महिला की पहचान सूर्यदीता दास (24) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और फिलहाल गुरुग्राम के सुशांत लोक इलाके में रह रही थी।
कोर्ट ने दी पुलिस रिमांड
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। उसे 4 अक्टूबर को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दो दिन की पुलिस रिमांड मंजूर हुई। पुलिस अब पूरे मामले में पैसों के लेन-देन, बैंक खातों और ब्लैकमेलिंग से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से की अपील
गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई व्यक्ति ब्लैकमेल कर पैसे मांगता है या धमकी देता है तो घबराएं नहीं। खुद कोई जोखिम लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि ऐसी शिकायत मिलने पर मामले की गंभीरता के अनुसार तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
