रात का वक्त था, सड़क पर गाड़ियां दौड़ रही थीं… तभी अचानक एक तेज रफ्तार लोडिंग ट्रॉला बेकाबू हो गया। इसके बाद ऐसा टक्कर का सिलसिला शुरू हुआ कि तीन कारें उसकी चपेट में आ गईं। एक कार को ट्रॉला घसीटते हुए सड़क किनारे गहरे गड्ढे में ले गया। हादसे में कई लोग घायल हो गए, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह भीषण सड़क हादसा गुरुवार देर रात गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर एवीएल-36 सोसाइटी के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार लोडिंग ट्रॉला अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क पर चल रही तीन कारों को एक के बाद एक टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद गड्ढे में जा गिरी कार
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। बताया जा रहा है कि ट्रॉला एक कार को टक्कर मारने के बाद उसे घसीटता हुआ एक्सप्रेसवे के किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरा। इस हादसे में कार के भी परखच्चे उड़ गए। उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

दो टैक्सी और एक निजी कार हादसे की चपेट में
हादसे में क्षतिग्रस्त हुई तीन कारों में दो कमर्शियल टैक्सी और एक निजी कार शामिल बताई जा रही है। दोनों टैक्सियों में सवार कई लोगों को चोटें आईं। इनमें से दो लोगों को गंभीर चोटें लगी हैं। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद शुरू की। पुलिस की सहायता से सभी घायलों को नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
कैसे हटाए गए क्षतिग्रस्त वाहन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल भिजवाने के बाद सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरू किया गया। गहरे गड्ढे में फंसी कार और ट्रॉले को बाहर निकालने के लिए भारी क्रेन बुलाई गई। क्रेन की मदद से वाहनों को हटाया गया, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य हो सका।
ट्रॉला चालक की तलाश
फिलहाल पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रॉला चालक की तलाश की जा रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि तेज रफ्तार के कारण ट्रॉला अनियंत्रित हुआ या हादसे की कोई दूसरी वजह थी।
