दुकान में घुसकर दुकानदार पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए… हमला करने वाला मौके से फरार हो गया, लेकिन इस वारदात के पीछे की साजिश अब सामने आ गई है। पुलिस के मुताबिक, हमले की वजह पुरानी कहासुनी थी और इसकी योजना किसी और ने बनाई थी। आखिर कौन था इस हमले का मास्टरमाइंड?

मामला गुरुग्राम के सेक्टर-7 हुडा मार्केट का है। यहां 17 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे एक दुकानदार पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। अब न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने वारदात के मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया है।
दुकान में घुसकर किए चाकू से कई वार
पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय पीड़ित ने शिकायत में बताया कि 17 नवंबर की रात वह अपनी दुकान के काउंटर पर बैठा था। इसी दौरान सामने स्थित DK Enterprises के मालिक दानिश के यहां काम करने वाला एक कर्मचारी अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ उसकी दुकान में घुस आया। आरोप है कि हमलावरों ने दुकान का सामान उठाकर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित को थप्पड़ मारा, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके गले, हाथ और पेट पर चाकू से कई वार किए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
112 पर कॉल के बाद अस्पताल पहुंचाया गया घायल
हमले के बाद पीड़ित ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दुकानदार को सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। शिकायत के आधार पर 18 नवंबर को न्यू कॉलोनी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115, 333, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
किसने भेजा था कर्मचारी को चाकू देकर
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 नवंबर को सेक्टर-7 से 27 वर्षीय मोहम्मद दानिश को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दानिश कोरियर की दुकान चलाता है और इसी वारदात का मुख्य साजिशकर्ता है। पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले दानिश और पीड़ित दुकानदार के बीच कहासुनी हुई थी। इसी बात की रंजिश रखते हुए दानिश ने अपने कर्मचारी को चाकू दिया और पीड़ित पर हमला करने के लिए भेजा था।
हमलावरों की भूमिका खंगाली जा रही
फिलहाल पुलिस आरोपी दानिश से पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। वारदात में शामिल कर्मचारी और उसके साथ आए अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी आगे की कार्रवाई की जा रही है। अब सवाल यह है कि मामूली कहासुनी की रंजिश में दुकानदार पर इस तरह जानलेवा हमला करने की साजिश कैसे रची गई और वारदात में शामिल बाकी आरोपी कब पुलिस की गिरफ्त में आएंगे?
