साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों और कंपनियों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला गुरुग्राम से सामने आया है, जहां एक निजी कंपनी को फर्जी ई-मेल भेजकर करीब 3.25 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।

पुलिस को दी शिकायत में संजीव कुमार, निवासी नानूकलां ने बताया कि वह Capgrid Solutions Private Limited की वित्तीय शाखा में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी कंपनी के साथ सवा तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है।
शिकायत के अनुसार, कंपनी की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक ई-मेल प्राप्त हुआ था, जो देखने में कंपनी के सप्लायर की ई-मेल आईडी जैसा लग रहा था। ई-मेल में दिए गए निर्देशों के आधार पर कंपनी ने बताए गए बैंक खाते में भुगतान कर दिया।
हालांकि बाद में जब संबंधित सप्लायर से संपर्क किया गया तो पता चला कि उसकी ओर से इस तरह की कोई ई-मेल भेजी ही नहीं गई थी। जांच में सामने आया कि साइबर ठगों ने फर्जी ई-मेल भेजकर कंपनी को गुमराह किया और रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली।
मामले की जानकारी मिलने के बाद कंपनी की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी और साइबर अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने कंपनियों और कारोबारियों से अपील की है कि किसी भी भुगतान से पहले ई-मेल की सत्यता की जांच अवश्य करें। बैंक खाते में राशि ट्रांसफर करने से पहले संबंधित सप्लायर या पक्ष से फोन पर पुष्टि करना जरूरी है, ताकि इस तरह की साइबर ठगी से बचा जा सके।
