गुरुग्राम में पुलिस और प्रशासन ने भूमि माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गांव बुढेड़ा में एसजीटी यूनिवर्सिटी के पास बादली रोड पर बने एक अवैध कार्यालय को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।

खुफिया सूचना के आधार पर पहुंची टीम
पुलिस को इस अवैध निर्माण की पुख्ता जानकारी मिली थी। इसके बाद अपराध शाखा पालम विहार और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे अवैध ढांचे को मशीनों की मदद से गिरा दिया गया।
300 वर्ग गज जमीन पर बना था अवैध निर्माण
जांच के दौरान पता चला कि करीब 300 वर्ग गज जमीन पर यह अवैध ऑफिस बनाया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये थी।

कार्रवाई के बाद जमीन को खाली कराकर उसके मूल स्वरूप में बहाल कर दिया गया।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक, इस अवैध निर्माण के पीछे गांव धनवापुर निवासी नरेंद्र उर्फ पव्वा का हाथ है।
उसके खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और शस्त्र अधिनियम समेत कुल 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अवैध पानी का कारोबार भी चल रहा था
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने बिना अनुमति बोरवेल लगाकर पानी बेचने का अवैध धंधा शुरू कर रखा था, जिससे वह लगातार कमाई कर रहा था।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अवैध कब्जों और अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
