गुरुग्राम में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मध्य प्रदेश के खरगोन से बस में बैठकर गुरुग्राम पहुंचते थे आरोपी और फिर दिल्ली-NCR में हथियारों की खेप सप्लाई करते थे। लेकिन इस बार पुलिस की नजरों से बच नहीं पाए। अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 देसी पिस्टल और 16 मैगजीन बरामद की हैं। इस मामले में अब तक कुल 4 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और 13 पिस्टल के साथ 27 मैगजीन बरामद की गई हैं।

कहाँ तक फैला था हथियारों का नेटवर्क
गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर को अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने सेक्टर-112, बजघेड़ा से दीपक और राहुल नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 5 अवैध पिस्टल, 11 मैगजीन और एक कार बरामद की थी।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को 5 दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ में हथियारों की सप्लाई के पीछे मध्य प्रदेश के खरगोन से जुड़े नेटवर्क की जानकारी सामने आई। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए 1 नवंबर को सोहना-गुरुग्राम रोड पर GD गोयनका यूनिवर्सिटी के पास से दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कौन थे आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के खरगोन निवासी दुर्गेश और नरेंद्र उर्फ नरेन के रूप में की है। इनके कब्जे से 8 अवैध देसी पिस्टल और 16 मैगजीन बरामद हुई हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी खरगोन में अवैध पिस्टल बनाने वाले व्यक्ति के संपर्क में थे। ये हथियारों की खरीद, उन्हें एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने और आगे सप्लाई करने का काम करते थे।
कब से कर रहे थे हथियारों की सप्लाई
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी पिछले करीब 4 साल से इस अवैध कारोबार में शामिल थे। दोनों मध्य प्रदेश से बस के जरिए हथियार लेकर गुरुग्राम आते थे और फिर दिल्ली-NCR में उनकी सप्लाई करते थे।
हैरानी की बात यह है कि हथियारों की सप्लाई करने के बदले आरोपियों को हर पिस्टल पर 7 हजार रुपये कमीशन मिलता था। पुलिस के अनुसार, दुर्गेश और नरेंद्र पहले भी इसी मामले में गिरफ्तार दीपक और राहुल को 5 पिस्टल और 11 मैगजीन सप्लाई कर चुके थे।
कितने हथियार हुए बरामद
इस पूरे मामले में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
– दीपक और राहुल से 5 पिस्टल और 11 मैगजीन बरामद।
– दुर्गेश और नरेंद्र से 8 पिस्टल और 16 मैगजीन बरामद।
– कुल 13 अवैध पिस्टल और 27 मैगजीन बरामद।
अब पुलिस को किसकी तलाश?
गुरुग्राम पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य हथियार सप्लायर और मध्य प्रदेश में अवैध हथियार बनाने वाले ठिकाने की तलाश में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और हथियारों की सप्लाई दिल्ली-NCR में किन लोगों तक की जानी थी।
