गुरुग्राम। अगर आप रोजाना MDI चौक, सुखराली, कटारिया चौक या गुरुग्राम-महरौली रोड के रास्ते सफर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। MDI चौक पर शुरू हुए सीवर लाइन निर्माण कार्य के कारण अगले करीब एक महीने तक ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रहेगी। इसके साथ ही सुखराली की ओर जाने वाला यू-टर्न भी बंद कर दिया गया है।

नगर निगम गुरुग्राम द्वारा MDI चौक फ्लाईओवर के नीचे सुखराली की तरफ जाने वाले मार्ग पर सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू किया गया है। निर्माण कार्य 23 जून से 20 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान इस हिस्से में यातायात का संचालन प्रभावित रहेगा।
रोजाना आने-जाने वालों को बदलना होगा रूट
ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, कटारिया चौक और गुरुग्राम-महरौली रोड की तरफ से सुखराली जाने वाले वाहन चालकों को अब वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। ऐसे वाहन चालक MDI चौक से NH-48 के जरिए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
निर्माण कार्य के चलते फ्लाईओवर के नीचे स्थित सुखराली जाने वाला यू-टर्न भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
अब ऐसे मिलेगा यू-टर्न
जो वाहन चालक सुखराली की ओर से आकर MDI चौक के नीचे यू-टर्न लेते थे, उन्हें अब फ्लाईओवर के ऊपर से होकर आगे जाना होगा। इसके बाद रेड लाइट से पहले उपलब्ध यू-टर्न का इस्तेमाल कर वे वापस अपने मार्ग पर लौट सकेंगे।
बढ़ सकता है ट्रैफिक का दबाव
MDI चौक शहर के सबसे व्यस्त जंक्शनों में से एक है। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान इस क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की संभावना है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे एडवाइजरी का पालन करें और घर से निकलने से पहले अपने रूट की योजना बनाकर चलें।
