क्या गुरुग्राम की सड़कों पर अब गड्ढे नजर नहीं आएंगे? क्या सड़कों के किनारे लगे कचरे के ढेर और टूटे फुटपाथ से लोगों को राहत मिलेगी? इन सवालों के बीच नगर निगम के अधिकारियों को शहर की सड़कों और सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए नया प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। अब सिर्फ 100 रोड चैलेंज ही नहीं, बल्कि शहर की बाकी सड़कों को भी बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा ने अधिकारियों को 30, 60 और 90 दिन की समयसीमा के हिसाब से कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही साफ किया है कि काम की गुणवत्ता और तय समय का खास ध्यान रखा जाए।

सिर्फ 100 सड़कें नहीं, पूरे शहर की सड़कों पर होगा काम
नगर निगम गुरुग्राम में हुई समीक्षा बैठक में सड़कों की हालत, सफाई, कचरा उठाने और लोगों की शिकायतों पर चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मुख्य सड़कें साफ-सुथरी हों, गड्ढों को भरा जाए और टूटे फुटपाथों की मरम्मत की जाए।
इसके अलावा ग्रीन बेल्ट की देखभाल, नालियों की सफाई और सड़कों के किनारे जमा निर्माण सामग्री व अन्य कचरे को हटाने पर भी ध्यान देना होगा। कुछ जगहों पर स्मार्ट डस्टबिन लगाने की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी। दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन और आसपास की सफाई पर भी नजर रखी जाएगी।
बार-बार कचरा डालने वालों का भी चलेगा पता
गुरुग्राम में कई जगहों पर कचरा हटाने के बाद दोबारा जमा हो जाता है। अब अधिकारियों को सिर्फ कचरा उठाने के बजाय यह पता लगाने के निर्देश दिए गए हैं कि आखिर इन जगहों पर कचरा कौन डाल रहा है और कहां से आ रहा है। इसका मकसद समस्या को बार-बार पैदा होने से रोकना और स्थायी समाधान निकालना है।
शिकायत बंद करने में भी नहीं चलेगी मनमानी
अगर किसी नागरिक की शिकायत का समाधान किए बिना उसे बंद कर दिया जाता है, तो अब इस पर भी कार्रवाई हो सकती है। अशोक कुमार मीणा ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि शिकायत तभी बंद की जाए, जब समस्या का वास्तव में समाधान हो जाए। तय समय में शिकायत का समाधान नहीं होने पर एजेंसी और जिम्मेदार कर्मचारी की जवाबदेही तय करने के लिए अलग-अलग श्रेणियां बनाने को भी कहा गया है।
एक महीने बाद खुद सड़कों पर उतरेंगे अधिकारी
इस पूरे प्लान में सबसे अहम बात यह है कि अशोक कुमार मीणा एक महीने बाद खुद सड़कों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे कम से कम 20 ऐसी सड़कों का दौरा करेंगे, जिन्हें तय मानकों के अनुसार बेहतर बनाया गया होगा। इसके लिए अधिकारियों को काम की प्रगति पर नजर रखने और नियमित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कब से जोन-2 में चलेंगी 100 कचरा गाड़ियां
शहर में घर-घर से कचरा उठाने की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 28 अक्टूबर से जोन-2 में 100 गाड़ियां तैनात करने की तैयारी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पहले दिन से ही इन गाड़ियों के रूट और कामकाज की निगरानी की जाए। सड़क साफ करने वाली मशीनों की भी जांच होगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है और आगे औचक निरीक्षण भी किया जाएगा।
