गुरुग्राम में अगर आप द्वारका एक्सप्रेसवे, SPR या गुरुग्राम-सोहना हाईवे से सफर करते हैं, तो आने वाले समय में आपका रास्ता काफी आसान होने वाला है। यहां एक ऐसा बड़ा प्रोजेक्ट आने वाला है, जो द्वारका एक्सप्रेसवे को सीधे गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जोड़ देगा।
सदर्न पेरिफेरल रोड यानी SPR पर करीब 775 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। उम्मीद है कि अगले सप्ताह तक इसका टेंडर जारी कर दिया जाएगा।

सरकार की मंजूरी का इंतजार
GMDA ने पिछले महीने करीब 775 करोड़ रुपये के टेंडर दस्तावेज तैयार करके हरियाणा सरकार को भेजे थे। इन दस्तावेजों की जांच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से बनाई गई इंफ्रास्ट्रक्चर एवं इंजीनियरिंग कमेटी कर रही है। उम्मीद है कि अगले 3 से 4 दिन में टेंडर दस्तावेजों को मंजूरी मिल जाएगी। इसके बाद GMDA एलिवेटेड रोड के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर देगा।
इससे पहले मार्च में भी इसका टेंडर जारी किया गया था, लेकिन DPR में कमी के कारण उसे रद्द करना पड़ा था। अब संशोधित दस्तावेजों के साथ दोबारा टेंडर जारी किया जाएगा।
4 लेन का होगा एलिवेटेड रोड
इस प्रोजेक्ट के तहत चार लेन का एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। यह द्वारका एक्सप्रेसवे और दिल्ली-जयपुर हाईवे की तरफ से गुरुग्राम-सोहना हाईवे की ओर कनेक्टिविटी देगा। एलिवेटेड रोड के नीचे SPR की मुख्य सड़क पर तीन-तीन लेन होंगी, जबकि दोनों तरफ दो-दो लेन की सर्विस रोड तैयार की जाएगी। यानी इस पूरे कॉरिडोर में ऊपर एलिवेटेड रोड और नीचे मुख्य सड़क के साथ सर्विस रोड का नेटवर्क तैयार होगा।

30 महीने में पूरा होगा काम
टेंडर आवंटित होने के बाद इस एलिवेटेड रोड का काम करीब 30 महीने के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस कनेक्टिविटी के तैयार होने के बाद दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन गुरुग्राम के अलग-अलग हिस्सों से होते हुए गुरुग्राम-सोहना हाईवे की तरफ ज्यादा सीधे तरीके से जा सकेंगे। इससे आगे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी भी आसान होगी।
गुरुग्राम में सिर्फ SPR पर ही नहीं, बल्कि गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर भी एलिवेटेड रोड बनाने की योजना है। इस प्रोजेक्ट के जरिए गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड को गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जोड़ने की योजना है। GMDA ने इसकी DPR तैयार करने के लिए एक कंपनी को टेंडर दिया है। उम्मीद है कि करीब दो महीने में DPR तैयार हो जाएगी। इसके बाद इसे मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा जाएगा।
क्या कहा GMDA के मुख्य ने
GMDA के मुख्य अभियंता प्रवीण चौधरी के मुताबिक, SPR पर एलिवेटेड रोड के निर्माण के लिए टेंडर दस्तावेज तैयार हैं और सरकार से मंजूरी मिलने के बाद टेंडर जारी कर दिए जाएंगे। अगले सप्ताह तक मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा GMDA ने बख्तावर चौक से सुभाष चौक तक मुख्य सड़क के दोनों तरफ हरित क्षेत्र के रखरखाव की योजना भी बनाई है। इस काम पर करीब 3 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए अगले महीने टेंडर जारी होने की उम्मीद है। ठेकेदार को चार महीने में काम पूरा करना होगा और इसके बाद 12 महीने तक हरित क्षेत्र की देखरेख की जिम्मेदारी भी ठेकेदार की रहेगी।
