भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने गुरुग्राम में बड़ी कार्रवाई करते हुए चुनाव तहसीलदार रोहित सुहाग को 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में उसके सहायक सौरभ के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

ट्रांसपोर्टर ने दी थी शिकायत
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, गुरुग्राम स्थित एक ट्रांसपोर्टर ने शिकायत दी थी कि उसकी गाड़ियां विधानसभा चुनाव 2024 के दौरान चुनावी कार्यों में लगाई गई थीं। इन वाहनों के भुगतान के लिए उपायुक्त कार्यालय से बिल पुलिस विभाग गुरुग्राम को भेजा गया था, लेकिन भुगतान से पहले चुनाव कार्यालय से एनओसी (No Objection Certificate) लेना जरूरी था।
एनओसी के बदले मांगी रिश्वत
ट्रांसपोर्टर का आरोप है कि एनओसी जारी करने के बदले तहसीलदार रोहित सुहाग और उसके सहायक सौरभ ने 3.5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। कई बार निवेदन करने पर रिश्वत की राशि घटाकर 2 लाख रुपए कर दी गई।
ट्रैप लगाकर हुई गिरफ्तारी
शिकायत के बाद ACB गुरुग्राम टीम ने ट्रैप लगाकर तहसीलदार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जबकि उसका सहायक सौरभ अब भी फरार है। एसीबी की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मामला दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
