गुरुग्राम में अगर आप भी पानी की सप्लाई पर निर्भर हैं, तो सावधान हो जाइए! अगले कुछ दिनों में पानी की किल्लत आपकी परेशानी बढ़ा सकती है। शहर के कई इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित होने वाली है। ऐसे में अगर आपने पहले से पानी का इंतजाम नहीं किया, तो घर के रोजमर्रा के काम अटक सकते हैं।
दरअसल, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) सेक्टर-16 स्थित बूस्टिंग स्टेशन पर नए पंप हाउस के निर्माण के लिए अपग्रेडेशन का काम करने जा रहा है। इसके चलते मास्टर वाटर सप्लाई सिस्टम को बंद रखा जाएगा, जिसका असर शहर के कई सेक्टरों और रिहायशी इलाकों पर पड़ेगा।

कब से कब तक बंद रहेगी पानी की सप्लाई?
जीएमडीए के अनुसार, पानी की सप्लाई का शटडाउन 23 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से 24 अक्टूबर को शाम 6 बजे तक रहेगा। यानी इस दौरान करीब 32 घंटे तक मास्टर वाटर सप्लाई सिस्टम बंद रहेगा। प्रभावित इलाकों में पेयजल आपूर्ति बाधित हो सकती है। प्राधिकरण ने लोगों से 22 से 24 अक्टूबर तक पानी का सोच-समझकर इस्तेमाल करने और जरूरत के मुताबिक पहले से पानी जमा करके रखने की अपील की है।
गुरुग्राम के किन इलाकों में नहीं आएगा पानी?
इस शटडाउन का असर पुराने गुरुग्राम से लेकर साइबर सिटी और डीएलएफ के कई इलाकों तक पड़ सकता है। प्रभावित क्षेत्रों की पूरी लिस्ट नीचे देखें।

1. गांव और बूस्टर स्टेशन
– बसई, कादीपुर, सरहौल और चकरपुर
– नाथूपुर, सिकंदरपुर और सुखराली
– गौशाला बूस्टर
2. सेक्टर और रिहायशी इलाके
– सेक्टर-10ए
– सेक्टर-14, 15, 16, 17 और 18
– सेक्टर-27, 28, 29, 30, 31 और 32
– सेक्टर-34 और 37
– सेक्टर-38, 39, 40, 41 और 43
– सेक्टर-45 और 46 के कुछ हिस्से
– सिविल लाइंस और हंस एन्क्लेव
3. साइबर सिटी और पॉश इलाके
– डीएलएफ फेज-1, 2, 3 और 4
– साइबर सिटी
– उद्योग विहार फेज-1 से 5
– साउथ सिटी-1
– सुशांत लोक-1
– एमजी रोड
क्यों किया जा रहा है यह काम?
सेक्टर-16 बूस्टिंग स्टेशन पर नए पंप हाउस के निर्माण और जरूरी सुविधाओं को अपग्रेड करने का काम किया जाएगा। इसका उद्देश्य गुरुग्राम की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करना है। जीएमडीए ने इस दौरान होने वाली असुविधा के लिए खेद जताते हुए लोगों से सहयोग की अपील की है।
