5 साल से बन रहा गुरुग्राम का नगर निगम ऑफिस! अब कब होगा तैयार?

गुरुग्राम में नगर निगम के नए कार्यालय भवन का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। महरौली-गुरुग्राम रोड स्थित व्यापार केंद्र में बन रहे इस भवन का करीब 87.7 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। लेकिन अभी भी फिनिशिंग से लेकर बिजली और अन्य तकनीकी काम बाकी हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि शहर को यह नया कार्यालय कब तक मिल पाएगा?

2026 के आखिर तक पूरा करने का लक्ष्य
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने निर्माणाधीन कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ निर्माण एजेंसी को बचे हुए काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के मुताबिक, इस परियोजना का निर्माण 31 अगस्त 2021 को शुरू हुआ था। इसे पूरा करने का लक्ष्य 31 दिसंबर 2026 निर्धारित किया गया है। यानी अब निर्माण एजेंसी के पास बाकी काम पूरा करने के लिए सीमित समय बचा है।

10 मंजिल तक बन चुका है ढांचा
नए नगर निगम कार्यालय भवन में तीन बेसमेंट बनाए गए हैं। इसके अलावा भूतल से लेकर दसवीं मंजिल तक का ढांचा और छत का निर्माण पूरा हो चुका है। पहली से आठवीं मंजिल तक फिनिशिंग, प्लंबिंग, बिजली और अग्निशमन से जुड़े ज्यादातर काम पूरे हो चुके हैं। वहीं भूतल, नौवीं और दसवीं मंजिल पर फिनिशिंग और तकनीकी काम जारी हैं। बेसमेंट में भी कुछ बिजली के उपकरण और दूसरी सुविधाएं लगाई जानी बाकी हैं।

बाहर से भी तैयार हो रही इमारत
भवन के बाहरी हिस्से में भी काम तेजी से चल रहा है। चारदीवारी, सुरक्षा कक्ष और पैनल रूम से जुड़े सिविल कार्य पूरे हो चुके हैं। सड़क से संबंधित मिट्टी का काम, अर्थिंग और सीवर व बारिश के पानी की निकासी के चैंबर भी तैयार हैं। हालांकि, भवन के बाहरी हिस्से पर लगने वाली एसीपी क्लैडिंग का करीब 60 प्रतिशत काम ही पूरा हुआ है। सामने की तरफ फसाड फ्रेमिंग पूरी हो चुकी है, जबकि कांच लगाने का काम अभी जारी है।

निगमायुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्माण एजेंसी के साथ तालमेल बनाकर काम पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ किया कि बाकी काम निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए। अब देखना होगा कि करीब पांच साल से बन रहा गुरुग्राम नगर निगम का यह नया कार्यालय 31 दिसंबर 2026 तक पूरी तरह तैयार हो पाता है या नहीं।

More From Author

क्या आपके घर भी नहीं आएगा पानी? गुरुग्राम के इन इलाकों के लिए GMDA का अलर्ट!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *