गुरुग्राम में बढ़ते वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए नगर निगम ने सख्ती तेज कर दी है। शहर की मुख्य सड़कों को धूल-मिट्टी से मुक्त करने के लिए एक महीने का लक्ष्य तय किया गया है। वहीं, खुले में कचरा जलाने और निर्माण सामग्री बिना ढके रखने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के नियमों को जमीन पर लागू करने के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए। निगम ने साफ किया कि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कामों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एक महीने में धूल-मुक्त होंगी शहर की मुख्य सड़कें
निगमायुक्त ने संयुक्त आयुक्तों को निर्देश दिए कि शहर की मुख्य सड़कों की सफाई अभियान में तेजी लाई जाए। लक्ष्य है कि एक महीने के भीतर मुख्य सड़कों को धूल-मिट्टी से मुक्त किया जाए।इसके साथ ही सड़कों, फुटपाथों और ग्रीन बेल्ट में निर्माण का मलबा, सामान्य कचरा और पेड़-पौधों से निकलने वाला कचरा जमा नहीं होने दिया जाएगा। अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर अपने-अपने जोन में सर्वे कर सड़कों, फुटपाथों, नालियों और अन्य स्थानों की स्थिति की रिपोर्ट देने को कहा गया है।
जांच होगी, कमियां मिलने पर कार्रवाई
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की ओर से चिन्हित 174 स्थानों की जांच भी की जाएगी। अधिकारी इन जगहों पर जाकर प्रदूषण से जुड़ी समस्याओं का जायजा लेंगे। जहां कमियां मिलेंगी, उन्हें दूर करने के निर्देश दिए जाएंगे। जिन कार्यों में समय लगेगा, उनके लिए समयसीमा तय की जाएगी। निगम का कहना है कि सफाई और निर्माण से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उन्हें तय समय में दूर करने पर जोर दिया जाएगा।
कचरा जलाया तो कटेगा चालान?
नगर निगम ने खुले में कचरा और अन्य अपशिष्ट जलाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। ऐसी घटनाओं पर नजर रखी जा रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान समेत अन्य कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा, निर्माण सामग्री को बिना ढके रखने वालों को भी सामग्री ढकने के निर्देश दिए जा रहे हैं। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने पर चालान किया जा सकता है। शहर की मुख्य सड़कों पर ट्रक-माउंटेड एंटी-स्मॉग गन से पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है, ताकि सड़क की धूल को नियंत्रित किया जा सके।
प्रदूषण की शिकायत कहां करें? ये नंबर कर लें नोट
नगर निगम ने लोगों से प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों की शिकायत करने की अपील की है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
– प्रदूषण और GRAP उल्लंघन की शिकायत: 9821395354
– नगर निगम कॉल सेंटर: 18001801817
नागरिक इन नंबरों पर कॉल कर सकते हैं। डेडिकेटेड हेल्पलाइन पर व्हाट्सऐप संदेश भेजकर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा, समीर ऐप और सोशल मीडिया के माध्यम से भी शिकायत की जा सकती है। नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे खुले में कचरा न जलाएं, निर्माण सामग्री को ढककर रखें और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा न होने दें। निगम का कहना है कि नियमित सफाई, सख्त निगरानी और नागरिकों के सहयोग से शहर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के प्रयास किए जाएंगे।
