गुरुग्राम सोहना एलिवेटेड हाईवे पर शनिवार देर रात अचानक ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने पुलिस टीम को भी हैरान कर दिया। भोंडसी कट पर नाकेबंदी कर रही स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की सेंट्रल यूनिट पर कार सवार युवकों ने हमला कर दिया। पहले सरकारी गाड़ी में जोरदार टक्कर मारी गई और इसके बाद मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग तक की गई। इस हमले में STF के दो जवान घायल हो गए। गनीमत रही कि आरोपियों की ओर से की गई फायरिंग में किसी पुलिसकर्मी को गोली नहीं लगी।

रात 12 बजे लगा था नाका, एक घंटे बाद शुरू हुआ बवाल
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात STF को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध बदमाश गुरुग्राम की तरफ से सोहना एलिवेटेड हाईवे के रास्ते भोंडसी की ओर आ सकता है। सूचना मिलते ही SI राजकुमार के नेतृत्व में STF टीम ने रात करीब 12 बजे भोंडसी कट पर नाकेबंदी कर दी। करीब एक घंटे तक सब कुछ सामान्य रहा। लेकिन रात करीब 1 बजे अचानक अलग-अलग कारों में 10 से 12 युवक वहां पहुंचे।
रुकने का इशारा किया तो बढ़ा दी रफ्तार
पुलिस टीम ने संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया। लेकिन आरोप है कि कार चालकों ने रुकने के बजाय गाड़ियों की रफ्तार और बढ़ा दी। इसके बाद एक कार ने नाके पर खड़ी STF की सरकारी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। यहीं से पूरी स्थिति अचानक बदल गई।
गाड़ियों से उतरे युवक, तोड़ दिए शीशे
टक्कर के बाद कई गाड़ियों से युवक नीचे उतरे। आरोप है कि उन्होंने STF की सरकारी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी।मामला यहीं नहीं रुका। आरोपियों ने STF टीम पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। STF के जवानों ने किसी तरह खुद को संभाला और जवाबी फायरिंग की।
अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
जवाबी फायरिंग के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर अपनी कारों में सवार हुए और मौके से फरार हो गए। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ये युवक कौन थे और आधी रात को STF की टीम पर हमला करने की हिम्मत उन्होंने क्यों की?
दो जवान घायल, जांच में जुटी पुलिस
हमले में घायल दो STF जवानों को सोहना नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में भोंडसी थाना पुलिस ने STF के SI राजकुमार की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल आरोपी फरार हैं, लेकिन CCTV और तकनीकी जांच के जरिए पुलिस उनके तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अब देखना होगा कि आधी रात STF के नाके पर हमला करने वाले ये लोग कौन थे और उनके पीछे आखिर कौन-सी कहानी छिपी है।
