स्वतंत्रता दिवस पर गुरुवार को गुरुग्राम देशभक्ति के रंग में रंगा नज़र आया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में हुआ, जहां कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने तिरंगा फहराकर शहीदों को नमन किया।

समारोह से पहले मंत्री सिविल लाइंस स्थित युद्ध स्मारक पहुंचे और देश की आज़ादी व सीमाओं की रक्षा में प्राण न्यौछावर करने वाले वीरों को पुष्पांजलि अर्पित की।
उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम
पटौदी में विधायक बिमला चौधरी, मानेसर में विधायक मुकेश शर्मा, सोहना में विधायक तेजपाल तंवर और बादशाहपुर में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण यादव ने ध्वजारोहण किया।

मंत्री का संबोधन
श्याम सिंह राणा ने कहा, “शहीदों के बलिदान से ही आज हम खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं। केंद्र सरकार देश की एकता-अखंडता के लिए प्रतिबद्ध है। ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव के जरिए आतंकवाद को करारा जवाब दिया गया है।”
उन्होंने तीन तलाक कानून और अनुच्छेद 370 हटाने को भी ऐतिहासिक कदम बताया।
रंगारंग प्रस्तुतियां और सम्मान
स्टेडियम में मार्च पास्ट, मास पीटी, डंबल शो, लेजियम शो और देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का मन मोह लिया। इस मौके पर जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न क्षेत्रों में अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
