नगर निगम गुरुग्राम ने दावा किया है कि आने वाले एक महीने में शहर का कचरा पूरी तरह साफ कर दिया जाएगा। निगम ने सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर मौजूद गार्बेज वर्नेबल प्वाइंट (जहां अक्सर कचरा जमा होता है) को खत्म करने का लक्ष्य तय किया है।

अभियान के तहत सभी प्वाइंट्स की सफाई के साथ-साथ कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने साफ चेतावनी दी है कि अभियान में लापरवाही बरतने या बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही होगी।
निर्माण मलबे पर सख्ती
फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड, सेक्टर-29, सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) और आटो मार्केट सहित विभिन्न इलाकों में पड़े निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (C&D वेस्ट) को हटाने का अभियान शुरू कर दिया गया है। अवैध रूप से मलबा फेंकने वालों पर वाहन जब्ती, जुर्माना और एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी।

स्ट्रे कैटल पर नियंत्रण
खुले में घूमने वाले पशुओं की समस्या से निपटने के लिए निगम ने लक्ष्य रखा है कि अगले एक महीने तक रोजाना 100 पशु पकड़े जाएंगे। पुलिस विभाग इस अभियान में पूरी तरह सहयोग करेगा। डेयरी संचालकों और पशुपालकों को चेतावनी दी गई है कि वे अपने पशु सार्वजनिक स्थलों पर न छोड़ें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई झेलनी पड़ेगी।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक में कहा, “हमारा लक्ष्य शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाना है। निर्धारित समय सीमा में अभियान के सभी लक्ष्य पूरे किए जाएंगे।”
बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका और रविंद्र यादव, संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह, डॉ. नरेश कुमार, विशाल कुमार, डॉ. जयवीर यादव, रविंद्र मलिक, चीफ इंजीनियर विजय ढाका सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
