अमेरिका द्वारा 50% टैरिफ बढ़ाए जाने के बाद इंडिया पोस्ट ने अमेरिका जाने वाली डाक सेवाओं की बुकिंग पर अस्थायी रोक लगा दी है। अब साइबर सिटी गुरुग्राम से अमेरिका के लिए कोई पत्र, दस्तावेज, गिफ्ट आइटम या अन्य पार्सल नहीं भेजा जा सकेगा।

पहले डाक विभाग ने 25 अगस्त से 100 अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य के गिफ्ट आइटम्स की बुकिंग पर रोक लगाई थी, लेकिन अब सभी श्रेणियों के पार्सल, यहां तक कि 100 डॉलर तक के लेटर, दस्तावेज और गिफ्ट्स पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
दवाइयां, किताबें और जरूरी सामान भी नहीं जा सकेंगे
गुरुग्राम डाक विभाग के प्रवर अधीक्षक डाकघर सुमित गाट ने बताया:
“साइबर सिटी के बाशिंदे अपने परिजनों को दवाइयां, खाने का सामान, किताबें, कपड़े समेत अन्य जरूरी सामग्री रोजाना अमेरिका भेजते थे। यहां से हर दिन 90 से 110 पार्सल बुक होते थे। फिलहाल, अमेरिका जाने वाली सभी डाक सेवाओं की बुकिंग अस्थायी रूप से रोक दी गई है।”
डाक विभाग को होगा रोज़ाना दो लाख का नुकसान
इस रोक का असर गुरुग्राम डाक विभाग की आमदनी पर भी पड़ेगा। रोज़ाना अमेरिका जाने वाले लगभग 100 पार्सलों से विभाग को करीब दो लाख रुपये का राजस्व मिलता था, जो अब प्रभावित होगा।
कस्टम नियमों की अस्पष्टता बनी वजह
अमेरिका के नए कस्टम नियमों की स्पष्टता नहीं होने के चलते इंडिया पोस्ट ने यह फैसला लिया है। जिन ग्राहकों ने पहले ही अमेरिका के लिए पार्सल बुक किए थे, लेकिन वे अब तक भेजे नहीं जा सके, उन्हें पोस्टेज का पूरा रिफंड मिलेगा।
