गुरुग्राम। जिले में 14 सितंबर को आयोजित होने वाली संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सीडीएस, एनडीए और नेवल एकेडमी परीक्षा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को कड़े दिशा निर्देश दिए गए हैं।

शुक्रवार को लघु सचिवालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता एडिशनल लेबर कमिश्नर (एएलसी) कुशल कटारिया ने की। बैठक में परीक्षा के सफल और सुचारू आयोजन के लिए संबंधित सेंटर सुपरवाइजर और ड्यूटी मजिस्ट्रेट को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एएलसी कुशल कटारिया ने कहा कि यह परीक्षा काफी संवेदनशील है और इसे सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश नहीं होगी और संघ लोक सेवा आयोग द्वारा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।

गुरुग्राम जिले में 14 सितंबर को कुल 32 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। सीडीएस परीक्षा तीन चरणों में आयोजित होगी:
- पहला चरण: प्रातः 09:00 बजे से 11:00 बजे तक
- दूसरा चरण: दोपहर 12:30 बजे से 02:30 बजे तक
- तीसरा चरण: दोपहर 04:00 बजे से सांय 06:00 बजे तक
वहीं, एनडीए और नेवल एकेडमी परीक्षा के लिए:
- प्रथम चरण: प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक
- द्वितीय चरण: दोपहर 02:00 बजे से सांय 04:30 बजे तक
जिले में इस परीक्षा में कुल 11,435 उम्मीदवार शामिल होंगे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि परीक्षा का आयोजन बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक किया जा सके।
