गुरुग्राम सेक्टर-57 में खाली पड़ी सरकारी जमीन पर 122 अवैध झुग्गियां बसाकर गरीब परिवारों से किराया वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सोहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

सेक्टर-56 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी झुग्गियों में रहने वाले प्रत्येक परिवार से ₹3,000 मासिक किराया वसूल रहा था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अपने निजी लाभ के लिए गरीब लोगों, महिलाओं और बच्चों की जान को खतरे में डाल रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह एक गंभीर अपराध है, क्योंकि आरोपी ने जानबूझकर गरीब तबके के लोगों को असुरक्षित परिस्थितियों में रहने पर मजबूर किया।
सोहन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(बी), 223(बी) और 329(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों की भी जांच कर रही है।
