खेड़की दौला थाना पुलिस ने कांकरोला गांव में परचून दुकानदार से मारपीट और फिरौती मांगने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 17 सितंबर को मामला दर्ज कर प्रेम उर्फ काका (33) और नरेंद्र (30) को दबोच लिया। दोनों से पूछताछ जारी है।

दुकान चलाने के लिए मांगे पैसे
दुकानदार की शिकायत के अनुसार, 15 सितंबर को प्रेम उर्फ काका और नरेंद्र स्विफ्ट कार में उसकी दुकान पर आए। उन्होंने आते ही मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने कहा कि यदि वह गांव में दुकान चलाना चाहता है, तो उसे हर महीने 5 हजार रुपये देने होंगे।
सामान को लेकर थी पुरानी रंजिश
शिकायतकर्ता ने बताया कि प्रेम उर्फ काका पहले भी दुकान से पानी की बोतल और अन्य सामान बिना पैसे दिए ले जाता था। पैसे मांगने पर वह मारपीट करता था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने भी स्वीकार किया कि पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने यह वारदात की।
पेशे और पृष्ठभूमि
गांव के रहने वाले दोनों आरोपी अलग-अलग काम करते हैं। प्रेम उर्फ काका गांव में जिम चलाता है, जबकि नरेंद्र नगर निगम में ट्रैक्टर ड्राइवर है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार बरामद कर ली है।
आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस जांच में पता चला कि दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। गुरुग्राम में उनके खिलाफ मारपीट का एक अन्य मामला भी दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर ली है।
