गुरुग्राम पुलिस लाइन के एक फ्लैट से पुलिस ने छापेमारी कर संदिग्ध सामान बरामद किया है। इनमें कारतूस, नशीला पदार्थ और एक खिलौना जैसी पिस्तौल शामिल है। यह फ्लैट हेड कॉन्स्टेबल पोखर सिंह के नाम अलॉट बताया जा रहा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहू ने दिया पुलिस को बयान
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस को सूचना खुद कॉन्स्टेबल की पुत्रवधू मीनू ने दी। मीनू ने आरोप लगाया कि उसके ससुर कई बार गांजा लेकर आते थे और उसके साथ मारपीट भी करते थे। उसने बताया कि एक बार पिस्तौल कनपटी पर लगाकर धमकी तक दी गई थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला शुरुआती जांच में है। हेड कॉन्स्टेबल से पूछताछ चल रही है और यह देखा जा रहा है कि बरामद सामान से उनका सीधा संबंध है या कोई और इस फ्लैट का इस्तेमाल कर रहा था।
FIR में पारिवारिक विवाद का ज़िक्र
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस परिवार में पहले से विवाद चल रहा है। यही वजह है कि FIR में पारिवारिक झगड़े की डिटेल भी दर्ज की गई है। पुलिस लाइन को सुरक्षित आवासीय परिसर माना जाता है, ऐसे में यहां से नशीला पदार्थ और हथियार जैसी सामग्री मिलना सवाल खड़े करता है।
SHO का बयान
सिविल लाइन थाना एसएचओ कृष्ण के मुताबिक़, “एक शिकायत पर कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई। मौके से कारतूस और कुछ नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। साथ ही एक खिलौनानुमा पिस्तौल भी मिली है। सभी सामान को लैब भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।”
